बाइक सवारों ने तीन छात्राओं को मारी टक्कर, हालत गंभीर, भीड़ ने बाइक चलाने वालों को पीटा
कानपुर के किदवई नगर थानाक्षेत्र में बाइक चला रहे युवकों ने पढ़कर लौट रही छात्राओं को टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीन छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के नाराज क्षेत्रीय लोगों ने बाइक सवार युवकों को पकड़कर पीटा और पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
कानपुर, जेएनएन। शहर में रफ्तार का कहर जारी है दो दिन पहले गंगा बैराज पर महिला और बच्चे की कुचलने की घटना अभी लोगों के जहन से नहीं उतरी थी की शनिवार को कॉलेज से लौट रही तीन छात्राओं को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। घटना में तीनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्राओं को पास के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। वही भीड़ ने बाइक सवारों को दबोच कर पीटने के बाद पुलिस को सौंपा है। पकड़े गए युवक काकादेव थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बर्रा थानाक्षेत्र के कर्रही इलाके में रहने वाले अरविंद यादव ब्रेड के सेल्समैन है। उनकी बेटी 19 वर्षीय बेटी कंचन डीबीएस कॉलेज गोविंद नगर में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। शनिवार को कंचन अपनी गुंजन विहार निवासी सहेली 19 वर्षीय रागिनी और दामोदर नगर निवासी शिवानी गौतम के साथ कॉलेज से पैदल घर लौट रही थी। पराग डेरी के पास पीछे से आए हाईस्पीड केटीएम बाइक सवारों ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसा होने पर राहगीरों की भीड़ ने भागने का प्रयास कर रहे बाइक सवारों को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच राहगीरों ने हादसे की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। जिस पर किदवई नगर पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने बाइक सवारों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने भेजा है।
थाना प्रभारी किदवई नगर राजीव सिंह ने बताया पकड़े गए बाइक सवार बाइक सवारों ने अपना नाम शास्त्री नगर निवासी शुभम विजय गिरी, अंबेडकर नगर विजय नगर निवासी विशाल पाटिल बताया है । गाड़ी शुभम की बताई जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एलएलआर अस्पताल किया रेफर
गंभीर रूप से घायल कंचन को हेड इंजरी होने से डॉक्टरों ने एलएलआर अस्पताल( हैलट) रेफर किया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।