कानपुर में पाइप लाइन फटने से बर्बाद हो रहा हजारों लीटर पानी, क्षेत्रीय लोगों ने बयां किया दर्द
चमगनंज में हाजी संपट चौराहा एक मीनारी मस्जिद ईसाई वाला हाता आदि इलाकों में पिछले एक महीने से जलापूर्ति नहीं हो रही है। जल संस्थान से आई पाइप लाइन में फाल्ट होने से पानी घरों की बजाय नालियों में जा रहा है।
कानपुर, जेएनएन। चमनगंज में जलापूर्ति की लाइन फटने से हजारों लीटर पानी प्रतिदिन बर्बाद हो रहा है। घरों में पिछले एक महीने से जलापूर्ति नहीं होने से जलसंकट गहराता जा रहा है। अधिकारियों ने बताया गया है कि क्षेत्र में सीवर लाइन पड़ने के बाद जलापूर्ति की लाइन ठीक की जाएगी। तब तक लोगों को पानी के लिए थोड़ा भटकना पड़ सकता है।
चमनगंज एक मीनारी मस्जिद के पास एक महीने से जलापूर्ति की लाइन में फाल्ट है। जलनिगम के कर्मचारी लाइन बनाने के लिए पहुंचे तो गड्ढा खोदने पर पता चला की लाइन फटी हुई है। इसी क्षेत्र में सीवर की लाइन भी पड़ रही है। इसकी वजह से जलापूर्ति की लाइन नहीं बन पा रही है। लाइन से हर दिन हजारों लीटर पानी बह रहा है वहीं दूसरी तरफ लोग पानी के लिए भटक रहे हैं।
चमगनंज में हाजी संपट चौराहा, एक मीनारी मस्जिद, ईसाई वाला हाता आदि इलाकों में पिछले एक महीने से जलापूर्ति नहीं हो रही है। जल संस्थान से आई पाइप लाइन में फाल्ट होने से पानी घरों की बजाय नालियों में जा रहा है। डाॅ. मुस्तफा तारिक, इरफान अंसारी ने बताया कि लंबे समय से पानी के लिए हम सब भटक रहे हैं।क्षेत्र में कोई हैंडपंप न होने से समस्या और विकराल हो गई है। जलापूर्ति न होने तथा लाइन में फाल्ट की शिकायत कई बार अधिकारियों से की है। जल संस्थान कर्मचारियों ने फाल्ट ढूंढ़ने का काम शुरू किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। खोदाई के बाद पाइप लाइन फटी हुई मिली।