सेवानिवृत बैंक मैनेजर के घर 17.83 लाख की चोरी
काकादेव के शास्त्री नगर के पॉश इलाके सिंधी कॉलोनी में शातिर चोरों ने दिनदहाड़े सेवानिवृत बैंक कर्मी के ताला बंद मकान को निशाना बनाया।
जागरण संवाददाता, कानपुर : काकादेव के शास्त्री नगर के पॉश इलाके सिंधी कॉलोनी में शातिर चोरों ने दिनदहाड़े सेवानिवृत बैंक कर्मी के ताला बंद मकान को निशाना बनाया। घर के पीछे अपार्टमेंट के गलियारे से दीवार फांदकर घुसे चोरों ने मैनेजर के घर से जेवर, नकदी और विदेशी मुद्रा समेत 17.83 लाख के माल पर हाथ साफ किया। शाम को नौकरानी के घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। नौकरानी और पड़ोसी महिला ने एक शातिर को छत के रास्ते भागते देखा। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
सिंधी कॉलोनी निवासी अशोक मदान बैंक ऑफ इंडिया लाजपत नगर शाखा से चीफ मैनेजर के पद से सेवानिवृत हैं। वह यहां पत्नी ऊषा के साथ रहते हैं, जबकि बेटा तुषार गुड़गांव में इंजीनियर है। कॉलोनी में ही रहने वाले अशोक के भाई मदन मदान ने बताया कि तीन दिन पहले भाभी ऊषा की दो बहनें सीतापुर और लखीमपुर से आई थीं। शनिवार करीब 12.30 बजे भाई पत्नी और दो सालियों के संग ब्लू वर्ल्ड घूमने के लिए निकले थे। घर की चाबियां सामने रहने वाली आरती को दी थीं। दोपहर करीब 2.30 बजे नौकरानी पिंकी घर पहुंची और आरती से चाबी लेकर ताला खोला।
दरवाजा खोलने की कोशिश की तो अंदर से कुंडी बंद थी। इस पर नौकरी ने ऊषा को फोन करके पूछा। तो उन्होंने घर में किसी के न होने की जानकारी दी। इसी बीच पीछे के आंगन में नौकरानी को एक घुंघराले बाल वाला युवक सरिया और झोला लिए दिखा। पिंकी के शोर मचाने पर शातिर घर के पीछे रहने वाले सुरेश गंगवानी और महेश समतानी के मकान की छत के रास्ते कॉलोनी के पीछे के दरवाजे से भाग निकले। नौकरानी की सूचना पर अशोक घर पहुंचे। पड़ोसी ने कूदकर अंदर से बंद मुख्यद्वार की कुंडी खोली। अंदर जाकर देखा तो होश उड़ गए। चोरों ने बीच के कमरे में रखी दो अलमारियां खोलकर वहां से 13 लाख के उनके जेवर, दो लाख के सालियों के जेवर, 80 हजार की नकदी और दो सौ यूएस डॉलर चोरी कर लिए। सूचना पर सीओ स्वरूप नगर अजीत सिंह चौहान फोर्स और फोरेंसिक टीम संग पहुंचे और छानबीन की।
---
वारदात में किसी जानकार का हाथ है। जिसे घर के नक्शे और मालिक के घर में मौजूद न होने की भली भांति जानकारी थी। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।- अजीत सिंह चौहान, सीओ स्वरूप नगर