चट्टा संचालन की सूचना मिलने पर टीम के साथ गोविंद नगर पहुंचीं महापौर पर पथराव, नहीं पहुंचे सीओ
महापौर प्रमिला पांडे को सूचना मिली थी कि रेलवे ग्राउंड मैदान में के जंगलों में जानवरों को बांधकर चट्टा चलाया रहा हलुवाखाड़े की ओर गईं तो कई भैंसे बंधी मिलीं भाजपा कार्यकर्ता सुखवंत सिंह को लोगों ने घेर लिया और उन पर पत्थर चला दिए
कानपुर, जेएनएन। नगर निगम का चट्टा संचालकों पर कार्रवाई का अभियान अभी तक जारी है। चमनगंज के बाद गोविंदनगर के रेलवे मैदान में शुक्रवार दोपहर महापौर जानवर पकड़ने नगर निगम के अधिकारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची थीं। इस दौरान संचालकों ने सभी को घेर कर पथराव कर दिया। इसमें एक कार्यकर्ता बुरी तरह से घायल हो गया।
महापौर प्रमिला पांडे ने बताया कि लोगों ने उन्हें सूचना दी थी कि रेलवे ग्राउंड मैदान में के जंगलों में जानवरों को बांधकर चट्टा चलाया रहा है। इस पर वह नगर स्वास्थ्य डॉ. अजय संखवार, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद यादव, पार्षद गिरिश चंद्रा, प्रमोद जायसवाल, पूर्व पार्षद संदीप जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता जंगलों में जानवर ढूंढ़ते हुए 300 मीटर अंदर हलुवाखाड़े की ओर गईं तो कई भैंसे बंधी मिलीं। इस पर महापौर ने जानवरों की गिनती करने को कहा जैसे ही अधिकारी जंगल के अंदर पहुंचे तो संचालकों ने घेर कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनकी टीम पर पथराव शुरू कर दिया। किसी तरह अधिकारी महापौर को लेकर भागे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता सुखवंत सिंह को लोगों ने घेर लिया और उन पर पत्थर चला दिए। इसमें सुखवंत घायल हो गए।
वहीं, पूरे घटनाक्रम का वीडियो महापौर के गनर ने जैसे ही वीडियो बनना शुरू किया तो संचालक भाग निकले। महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि आठ भैंस व नौ गाय नगर निगम की टीम ले गई है। गोविंदनगर थाना प्रभारी अनुराग मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एक घंटे बाद भी नहीं पहुंचे सीओ
महापौर प्रमिला पांडेय ने सीओ गोविंद नगर विकास पांडे को फोन कर जैसे ही फोर्स की मांग की उसके कुछ ही देर बाद हमला हो गया था, लेकिन एक घंटा बीत जाने के बाद भी सीओ फोर्स के साथ नहीं पहुंच पाए तो महापौर ने एसपी साउथ को फोन कर पुलिस बल मांगा। सीओ के न पहुंचने पर महापौर ने कहा कि वह डीआईजी से सीओ से शिकायत करेंगी।