'अमेरिका के पिछलग्गू की बना दी देश की छवि'
जागरण संवाददाता, कानपुर : यहां के चुनावी माहौल से पूरी तरह आशान्वित नजर आ रहे पूर्व केंद्र
जागरण संवाददाता, कानपुर : यहां के चुनावी माहौल से पूरी तरह आशान्वित नजर आ रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि कानपुर एक बार फिर कांग्रेस का संकेत देने जा रहा है। वहीं, बड़ी शालीनता से भाजपा सरकार पर हमलावर पूर्व मंत्री बोले कि देश की छवि अमेरिका के पिछलग्गू की बनाकर रख दी है। राम मंदिर मुद्दे पर स्पष्ट राय दी कि कोई मंदिर बनाए तो हमें कष्ट नहीं, सिर्फ देश एक होना चाहिए।
पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद शुक्रवार को कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी बंदना मिश्रा के समर्थन में तिलक हॉल में प्रेसवार्ता कर रहे थे। उनका कहना था कि राजनीति में ऐसे लोगों को भी मौका मिलना चाहिए, जो जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभाते हैं। बंदना मिश्रा परिवार और शिक्षा के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में उत्तेजना है। 2014 में कांग्रेस भी इसलिए हारी, क्योंकि देशवासियों को भाजपा के रूप में नई ऊर्जा दिखाई दे रही थी। मगर, हुआ क्या? उनके अध्यक्ष ने ही 15 लाख खाते में पहुंचाने वाली बात को जुमला कह दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था में भारत की छवि बहुत ऊंची थी। मैं अभी यूएई गया था। वहां बैठक में फिलीपींस, सीरिया और अफगानिस्तान जैसे देशों का तो जिक्र हुआ, लेकिन भारत का नहीं। एक दौर था जब कोई बैठक नेहरू और इंदिरा के नाम की चर्चा बिना पूरी नहीं होती थी। पड़ोसी देशों से भी संबंध खराब हो गए। राम मंदिर निर्माण के सवाल पर बोले कि कोई राम मंदिर बनाए तो हमें कष्ट नहीं, लेकिन किसी की आस्था को ठेस न पहुंचे। साथ ही तंज कसा कि भाजपा अध्यक्ष के बेटे को इतनी जल्दी टर्नओवर बढ़ाने के लिए हार्वर्ड विवि के पुरस्कार मिलना चाहिए।
---
वह भगवा पहनते हैं, हम दिल में रखते हैं
एक सवाल के जवाब में सलमान खुर्शीद बोले कि भगवा हमारे झंडे में हैं। वे लोग भगवा पहनते हैं और हम दिल में रखते हैं। प्रेसवार्ता में शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, आलोक मिश्रा, भूधरनारायन मिश्र, कुलदीप सिंह, पवन गुप्ता, देवी प्रसाद तिवारी, शिरीष पांडेय, सुनीत त्रिपाठी आदि थे।