किशोरी को बंधक बनाकर छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
जालौन जनपद के डकोर थानाक्षेत्र में युवक ने एक किशोरी को घर में बंद कर छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने युवक के खिलाफ छेड़छाड़ तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
जालौन, जेएनएन। जिले के डकोर थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपित ने किसी बहाने से किशोरी को अपने घर बुला लिया था। पीड़िता ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसकी मां वहां पहुंच गई। आरोपित ने धमकी दी कि पुलिस को कुछ बताया तो वह उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा। पुलिस ने पीड़ता की तहरीर पर छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार मंगलवार की शाम चार बजे के आसपास पड़ोसी गजेंद्र उर्फ गट्टी उसे बहाने से अपने घर लिवा ले गया और फिर उसे कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। खुद को बचाने के लिए उसने आरोपित का पुरजोर प्रतिरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद गजेंद्र ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुन उसकी मां मौके पर आ गई। तब आरोपित ने उसे छोड़ा। इसके बाद धमकी दी कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी तो वह उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा, हालांकि पीडि़ता ने साहस करते हुए पिता के साथ डकोर थाना पहुंचकर तहरीर दी। पहले पिता ने मुख्य आरोपित के साथ उसके भाई के विरुद्ध भी दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, लेकिन पीड़िता ने अपने बयान में गजेंद्र पर ज्यादिती करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित अभी पकड़ से दूर है। सीओ सिटी संतोष कुमार का कहना है कि घटना को संवेदनशीलता से लेते हुए जांच की जा रही है, जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।