सामूहिक दुष्कर्म से आहत किशोरी ने चुन ली मौत, चचेरी बहन के घर पर लगाई फांसी Kanpur News
रूरा थाने में मुकदमे के बाद से आरोपित समझौते का दबाव बनाने के लिए धमका रहे थे।
कानपुर, जेएनएन। पुलिस की लचर कार्यशैली और परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे आरोपितों की धमकियों से आजिज सामूहिक दुष्कर्म की शिकार एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। इस घटना से पुलिस के हाथ-पांव फूले तो आनन-फानन में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। चौबेपुर में चचेरी बहन के घर पर मौत को गले लगाने के बाद जब रूरा में पीडि़ता के गांव में परिवार वालों ने हंगामा किया तब उन्हें कार्रवाई की जानकारी दी गई। पुलिस आत्महत्या की सूचना मिलने से पहले ही रात साढ़े दस बजे गिरफ्तारी करने का दावा कर रही है। पीडि़ता के पिता का आरोप है, 20 दिन पूर्व गांव के तीन युवकों के खिलाफ बेटी के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा रूरा थाने में लिखाया था। उसके बाद से आरोपित समझौते का दबाव बनाकर धमका रहे थे।
गांव के तीन युवकों ने किया था अगवा
रूरा के एक गांव निवासी किसान की 16 वर्षीय बेटी को 13 नवंबर की शाम वहीं के लाला, सन्नी और ङ्क्षरकू ने गांव के बाहर अपहरण कर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया था। दो दिनों तक थाने के चक्कर लगवाने के बाद पुलिस ने 16 नवंबर को आरोपितों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किशोरी को बरामद किया था। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के बाद पुलिस ने दुष्कर्म की धारा बढ़ाई, मगर कार्रवाई नहीं की।
पिता ने लगाया ये आरोप
पिता का कहना है कि पुलिस से छूट मिलने के कारण ही आरोपित धमकी दे रहे थे। इसी वजह से बेटी मानसिक रूप से टूट गई और शुक्रवार रात नौ से दस बजे के बीच दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घर के लोग जब दस बजे बाजार से लौटे तो शव देखा। करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस करीब साढ़े बारह बजे पहुंची। शनिवार को स्वजन शव लेकर गांव पहुंचे तो आसपास गांवों के भी लोग जुट गए। स्वजन ने शव रखकर हंगामा किया। रूरा थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया।
कानपुर देहात पुलिस ने रखा पक्ष
चौबेपुर में किशोरी के खुदकशी करने की जानकारी के बाद कानपुर देहात पुलिस के आला अधिकारियों ने प्रेस कांफ्रेंस में घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते 11 नवंबर को किशोरी रहस्मय ढंग से लापता हो गई थी। उसके पिता ने गांव के तीन युवकों पर किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज करया था। थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर को किशोरी को बरामद कर लिया। किशोरी का मेडिकल कराने के साथ मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। पुलिस द्वारा दो आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया था।
अफसरों ने कही ये बात
-13 नवंबर को किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने पर तीन युवकों के खिलाफ 16 नवंबर को अपहरण की रिपोर्ट लिखी गई थी। उसी दिन किशोरी को बरामद कर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए गए थे। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई थी। उसके बयान के आधार पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में मुकदमा किया गया था। सन्नी व उसके चाचा लाला को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया गया। रिंकू की तलाश जारी है। -अनुराग वत्स, एसपी कानपुर देहात
-दुष्कर्म के आरोपों को लेकर मेडिकल जांच कराई गई थी लेकिन कोई इंजरी नहीं मिली थी। आरोपित व किशोरी एक ही गांव के हैं। पुलिस मौजूदा स्थिति को लेकर पड़ताल कर रही है, जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -राकेश कुमार सिंह, डीएम कानपुर देहात