उन्नाव में प्रधान के पति का विपक्षी के घर पर उपद्रव, फायरिंग में गोली लगने से किशोर की मौत
पंचायत चुनाव के बाद गांवों में खूनी खेल में लोगों जानें जा रही हैं। फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के अटवा गांव में प्रधान के पति ने साथियों के साथ विरोधी के घर पर हमला कर दिया। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है।
उन्नाव, जेएनएन। पंचायत चुनाव का परिणाम आने के बाद अब गांवों में खूनी खेल शुरू हो गया है। अब ऐसी ही घटना फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव समसपुर अटिया कबूलपुर के मजरा अटवा में सामने आई है। यहां शुक्रवार की देर रात प्रधान के पति ने साथियों के साथ विपक्षी के घर पर जमकर उपद्रव किया और फायरिंग की। इसमें गोली लगने से किशोर की जान चली गई। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है।
अटवा गांव निवासी मनोज कुमार ने बताया कि गांव में रहने वाली अनुराधा ग्राम प्रधान हैं। शुक्रवार की देर रात प्रधान के पति रणधीर सिंह ने अपने साथियों अनूप मनोज पुत्र कैलाश सिंह, सूरज व नीरज पुत्र रणधीर सिंह के अलावा अनुराधा पत्नी रणधीर सिंह और अभिषेक पुत्र रज्जन सिंह के साथ मिलकर घर पर हमला कर दिया। घर में घुसकर उससे व परिवार से मारपीट की। विरोध करने पर हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली उसके छोटे भाई दीपक को लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर गया, इसके बाद हमलावर भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स गांव पहुंच गया।
ग्रामीणों की मदद से दीपक को पीएचसी ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ सफीपुर बीनू सिंह व फतेहपुर चौरासी एसओ भावनाथ चौधरी ने मौके पर पहुंचकरर जांच की। फतेहपुर चौरासी एसओ ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज करके आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।