सुनील बंसल ने कहा, पश्चिम बंगाल में पहले चरण के 80 फीसद मतदान से भाजपा की जीत तय
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कानपुर के उत्तर जिला कार्यालय के नवीनीकरण का उद्घाटन किया। यहां कार्यक्रम में आधा दर्जन पूर्व जिलाध्यक्षों का सम्मान किया गया और मंच पर बच्चों संग हाेली खेली गई ।
कानपुर, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव में 30 सीटों पर 80 फीसद से ज्यादा मतदान ने भाजपा की जीत तय कर दी है। वह भाजपा उत्तर जिला के कार्यालय के नवीनीकरण के उद्घाटन पर कानपुर आए थे और उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का दावा किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर चार-पांच माह से पश्चिम बंगाल में हूं। आज वहां मतदान के दौरान साफ परिवर्तन दिख रहा था, वहां कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खड़े हैं। मतदान के दौरान टीएमसी के बूथों पर बैठने वाले नहीं थे जबकि भाजपा के बूथों पर भीड़ थी। यह स्थिति कुछ वर्ष पहले भाजपा की पश्चिम बंगाल में थी। पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं को सैल्यूट करना चाहिए। वहां 130 से ज्यादा कार्यकर्ताओं की डेढ़ वर्ष में हत्या हो गईं। इसके बाद भी वहां भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष कर रहा है। प्रदेश के भी 125 कार्यकर्ता वहां कार्य कर रहे हैं। उनके साथ कल व परसों वहां होली खेलेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा अब पुरानी पार्टी नहीं है। इसलिए उसका कार्यालय भी वैसा ही होना चाहिए। कार्यक्रम में मंच पर बच्चों संग होली खेली गई। यहां पर पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. श्याम बाबू गुप्ता, रवींद्र पाटनी, दिनेश राय, राकेश सोनकर, विजय सिंह सेंगर, सुरेंद्र मैथानी का सम्मान किया गया। बाद में उन्होंने जिला पदाधिकारी व मंडल अध्यक्षों संग बैठक की। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार, महापौर प्रमिला पांडेय, विधान परिषद सदस्य व कानपुर प्रभारी विजय बहादुर पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, बीना आर्या, कृष्ण मुरारी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, कमलावती सिंह, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, विधायक प्रतिभा शुक्ला, पूर्व सांसद श्याम बिहारी मिश्रा रहे।