कोविड प्रोटोकॉल संग गेट में शामिल हुए छात्र-छात्राएं, सात, 13 और 14 फरवरी को भी होगी प्रवेश परीक्षा
शहर के चार केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसमें कल्याणपुर दादा नगर चकरपुर और हाथीपुर शामिल हैं। सुबह की परीक्षा 9.30 से दोपहर 12.30 और दूसरी दोपहर तीन से शाम छह बजे तक आयोजित हो रही है।
कानपुर, जेएनएन। ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) 2021 की शुरुआत शनिवार सुबह कोविड प्रोटोकॉल के साथ हो गई। सुबह सबसे पहले अभ्यर्थियों के हाथ सैनिटाइज किए गए। उनकी थर्मल स्कैनिंग हुई। इसके बाद ही कक्ष में प्रवेश दिया गया। छात्र-छात्राओं के लिए मास्क पहनकर आना अनिवार्य किया गया था।
शहर के चार केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसमें कल्याणपुर, दादा नगर, चकरपुर और हाथीपुर शामिल हैं। सुबह की परीक्षा 9.30 से दोपहर 12.30 और दूसरी दोपहर तीन से शाम छह बजे तक आयोजित हो रही है। कानपुर में कुल आठ हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा छह, सात,13 और 14 फरवरी आयोजित की जा रही है। इस बार गेट का आयोजन आइआइटी मुंबई कर रहा है, जबकि कानपुर जोन की जिम्मेदारी आइआइटी कानपुर को मिली है।
आइआइटी कानपुर के जोन में करीब 92 हजार छात्र शामिल होंगे। यहां 44 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शहर शामिल हैं। केंद्रों पर परीक्षार्थियों को एक घंटे पहले ही इंट्री दी गई। केंद्र से करीब 100 मीटर की दूरी पर वाहनों को रोका गया।
छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को भी रोक दिया गया। कानपुर में आठ हजार छात्र शामिल होंगे। इस बार की परीक्षा में पर्यावरण विज्ञान और मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान के प्रश्न पत्र को शामिल किया गया है। गेट में चयनित छात्रों को आइआइटी समेत देश के प्रमुख इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले का मौका मिलेगा। इसका परिणाम मार्च में घोषित किया जाएगा।