kanpur weather news : मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान...चक्रवात के असर से चलेगी तेज हवा, बारिश के आसार
सोमवार को बारिश होगी लेकिन उसका असर रविवार के मुकाबले कम रहेगा। दक्षिण हरियाणा और आसपास के क्षेत्र पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर तक फैला हुआ है।
कानपुर, जेएनएन। मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर क्षेत्रीय चक्रवात विकसित हो गया है। इससे असर से आंधी जैसी हवा चलने के आसार हैं। बारिश जारी रहेगी। तापमान में गिरावट होगी। जम्मू कश्मीर के पास सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों के ऊपर बना हुआ है। राजस्थान के ऊपर विकसित हुआ चक्रवात कमजोर पड़ गया है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।
सोमवार को बारिश होगी, लेकिन उसका असर रविवार के मुकाबले कम रहेगा। दक्षिण हरियाणा और आसपास के क्षेत्र पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर तक फैला हुआ है। मानसून की ट्रफ रेखा गंगानगर, दक्षिण हरियाणा पर कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र, फिरोजाबाद, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज, दीघा और फिर उत्तर पश्चिम बंगाल की ओर जा रही है।
सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग का पूर्वा अनुमान है की अगले 24 घंटे के दौरान, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों और पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश संभव है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और कोंकण और गोवा के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तटीय कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश के आसार हैं। गुजरात, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।