स्मार्ट चौराहे के सिग्नल बंद, मैनुअल यातायात का संचालन
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस कमिश्नरेट में चौराहे को स्मार्ट बनाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, कानपुर : शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस कमिश्नरेट में चौराहों को स्मार्ट बनाया जा रहा है, जहां हर नियम के उल्लंघन पर चालान किया जाएगा। प्रथम चरण में शहर के पांच चौराहों का चयन किया गया है, जिसमें से एक व्यस्ततम चौराहा फजलगंज भी है। दैनिक जागरण की टीम ने शुक्रवार शाम फजलगंज चौराहे की पड़ताल की। स्मार्ट चौराहे के सभी सिग्नल बंद और मैनुअल यातायात का संचालन होता मिला। विजय नगर से फजलगंज आने वाली लेन में तो लोग नियमों का पालन करते नजर आए, जबकि अन्य सभी लेन में वाहन सवार जेब्रा क्रासिग के आगे खड़े मिले।
पुलिस कमिश्नरेट और यातायात पुलिस ने पहले चरण में बड़ा चौराहा, परेड, लाल इमली, ईदगाह और फजलगंज चौराहे को चिह्नित कर इसे स्मार्ट बनाने का काम शुरू किया है। इन चौराहों पर इंट्रीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) और स्मार्ट सिटी ट्रैफिक सिस्टम में स्वचलित कैमरे लगाए गए हैं। इनकी मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का आटोमैटिक चालान किया जा रहा है। चौराहों पर यातायात नियमों का पालन करने के लिए यहां बड़े-बड़े बोर्ड लगाए जा रहे हैं ताकि वाहन सवार उस पर लिखे नियमों को पढ़ें, पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें। शुक्रवार को दैनिक जागरण की टीम आंखों देखा हाल जानने निकली तो फजलगंज चौराहे पर वाहन सवारों को जागरूक करने वाला बोर्ड कहीं नजर नहीं आया।
---------
वाहन सवार मानने को तैयार नहीं
शहर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की लाख कवायद के बाद भी वाहन सवार अपना ढर्रा बदलने को तैयार नहीं है। कुछ लोगों को छोड़ दिया जाए तो सभी को गंतव्य पहुंचने की जल्दी है। खुद की आदत को सुधारना नहीं चाहते। इसकी नजीर शहर के स्मार्ट पांच चौराहों में चिह्नित फजलगंज चौराहे पर देखने को मिली। जेके मंदिर से आने वाले, जरीब चौकी की ओर से और गोविदपुरी से आने वाले वाहन सवार जेब्रा क्रासिग के भी आगे जाकर रुके। इसमें दो-चार पहिया वाहन, आटो-टेंपो और सिटी बसें भी थीं।
----------
सौ मीटर की दूरी पर डग्गामार वाहन भरते सवारियां
फजलगंज चौराहे से सौ मीटर दूर विजय नगर की ओर सड़क पर डग्गामार वाहन सवारियां भरने में जुटे थे। उन्हें शहर के जाम से कोई लेना देना नहीं था। टूरिस्ट बसें चौराहे के पास सवारियां भरते नहीं नजर आई।
---------------------
दादा नगर पुल पर वन-वे व्यवस्था धड़ाम
जासं, कानपुर : दादा नगर में पुल बने सालों गुजर गए, लेकिन आज तक यहां वन-वे व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है। वाहन सवार यातायात नियम मानने को तैयार नहीं हैं। क्रासिग के जाम से बचने के लिए उल्टी चाल पुल पर चलते हैं और दूसरे वाहन सवारों के लिए समस्या पैदा करते हैं। यहां ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी रहती है, लेकिन वे अपनी आंखें बंद रखते हैं।
दादा नगर पुल के यूनीपोल पर एकल दिशा मार्ग की होर्डिंग भी लगाई गई, लेकिन व्यवस्था आज तक पूरी तरह कभी लागू नहीं हो सकी। दादा नगर चौराहे से सीटीआइ को जाने वाले वाहन चौराहे से क्रासिग होकर जाने के बजाय पुल की सर्विस रोड से चढ़कर आते हैं और पुल से होकर सीटीआइ जाते हैं। वाहन को पुल पर मोड़ने के दौरान यातायात फंस जाता है। ऐसे ही विजय नगर से आने वाले दो पहिया और चार पहिया वाहन सवार दादा नगर क्रासिग के जाम में फंसने से बचने के लिए फायर स्टेशन के आगे वाले कट से विपरीत लेन में जाकर पुल पर चढ़ते हैं। ये उल्टी दिशा से जाने वाले वाहन ही यातायात फंसाते हैं।