कैसे स्मार्ट हो कानपुर, जब पॉश इलाकों में ही प्राथमिक व्यवस्था है शून्य, जानिए- गोविंद नगर की स्थिति
जल निकासी की व्यवस्था ठप रोज फंसते वाहन सवार और राहगीर। अफसरों से शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तसआक्रोश। कई बार नगर निगम व जलकल के अफसरों से शिकायत की गयी लेकिन अाज तक निकासी नहीं ठीक हुई और नहीं गड्ढा भरा गया है।
कानपुर, जेएनएन। जहां एक ओर कानपुर महानगर स्मार्ट सिटी बनने के लिए अनवरत प्रयास कर रहा है, वहीं यहां की सड़क और जलभराव शहर की सुंदरता पर बट्टा लगाने का काम कर रहा है। अभी भी शहर जनसमस्याओं से जूझ रहा है। हालत यह है कि पॉश इलाके तक अछूते नहीं है। प्राथमिक व्यवस्था तक नहीं है। जल निकासी न होने के कारण सड़क पर पानी भरा रहता है। गोविंद नगर के लेबर काॅलोनी के पास पिछले कई दिनों से जलभराव है। शिकायत करने के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा है। इसको लेकर जनता में आक्रोश है।
क्या कहती है जनता
मोहित शुक्ल, आकाश सैनी, अनूप गुलाटी, करन अरोड़ा, गगन, अंकुर यादव, सौरभ शुक्ल, हर्षित सिंह अरोड़ा ने बताया कि रात में सड़क से निकलना दूभर हो जाता है। अक्सर वाहन चालक फंस जाते है और गिरकर चुटिहल हो जाते है। कई बार नगर निगम व जलकल के अफसरों से शिकायत की गयी लेकिन अाज तक निकासी नहीं ठीक हुई और नहीं गड्ढा भरा गया है।
बालू डालकर जल निगम भूल गया
जल निगम पीरोड लेनिन पार्क में लीकेज ठीक करने के बाद गड्ढा भरने के नाम पर बालू डालकर भूल गया है। फैली बालू में रोज दर्जनों वाहन चालक फंसकर चुटहिल हो चुके है। गोलू बाजपेयी, हिमांशु, सुनील सिंह ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जल निगम केवल खानापुरी कर रहा है।