स्मार्ट सिटी योजना में गड्ढा खोद रहे मजदूर को लगा मौत का करंट, घरवालों में कोहराम
सीसीटीएनएस लाइन के लिए गड्डा खोदते समय बिजली की कटी केबिल की चपेट में आने से हादसा हो गया।
कानपुर, जेएनएन। गोविंदनगर नंदलाल चौराहे के पास स्मार्ट सिटी योजना के तहत गड्ढा खोद रहे मजदूर की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही ठेकेदार मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की है। उसकी मौत की खबर मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया है।
बाराबंकी सीतापुर निवासी 26 वर्षीय पंकज कुमार रविवार सुबह नंदलाल चौराहे के पास स्मार्ट सिटी योजना के तहत सीसीटीएनएस लाइन के लिए खोदाई कर रहा था। वह करीब तीन फीट गड्डा खोदने के बाद अंदर से मिट्टी बाहर निकाल रहा था। इसी बीच उसका पैर मिट्टी में दबी विद्युत ट्रांसफार्मर की कटी केबिल पर पड़ गया। करंट की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया।
साथी मजदूरों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पास ही प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही ठेकेदार दिनेश कुमार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू करने के साथ स्वजनों को सूचना दी है। उसकी मौत की जानकारी मिलते ही घर वालों में कोहराम मच गया और ठेकेदार पर लापरवाही से काम कराने का आरोप लगाया।