इटावा: सीटों के बटवारे पर शिवपाल यादव बोले- सपा और प्रसपा में बीच नहीं है कोई मतभेद
रोडवेज बस स्टैंड परिसर में यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के आगरा-इटावा क्षेत्र के मंडलीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिवपाल यादव ने कहा कि सरकार बनने पर रोडवेज को राजकीय सेवा घोषित करेंगे। संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मी नियमित किए जाएंगे।
इटावा, जागरण संवाददाता। सपा और प्रसपा के गठबंधन के बाद अब दोनों पार्टी के बीच सीटों के बटवारें पर जल्द मुहर लग सकती है। हलांकि, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को साफ किया है कि सपा-प्रसपा में सीटों को लेकर कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि 2022 का विधानसभा चुनाव धर्मयुद्ध है, इसे जीतने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मिलकर कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
रोडवेज बस स्टैंड परिसर में यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के आगरा-इटावा क्षेत्र के मंडलीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर रोडवेज को राजकीय सेवा घोषित करेंगे। संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मी नियमित किए जाएंगे। कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने कोई वादा नहीं निभाया, लेकिन हमारी कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं है। सरकार बनने पर सभी वादे पूरे करेंगे। सम्मेलन का शुभारंभ पूर्व मंत्री रामसेवक यादव गंगापुरा, यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष पंडित रामजी त्रिपाठी व क्षेत्रीय अध्यक्ष जगपाल सिंह यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। पूर्व मंत्री रामसेवक ने यूनियन के संघर्ष में साथ देने का वादा करते हुए कहा कि जेल भरो आंदोलन करना पड़े तो तैयार रहेंगे। प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि रोडवेज बचाओ आंदोलन प्रयागराज से शुरू किया गया है। 29 दिसंबर को लखनऊ टेढ़ी बगिया में जोरदार प्रदर्शन करना है, इसलिए सभी साथियों को इसमें भागीदारी करना है। सरकार निजीकरण की ओर बढ़ रही है, जिसे रोकना है।
प्रांतीय संयुक्त मंत्री अनिल शुक्ला, प्रांतीय उपाध्यक्ष शिवम त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रेम चंद्र यादव, आगरा क्षेत्रीय मंत्री सत्यनारायण शर्मा सहित यूनियन के अन्य कई नेताओं ने रोडवेज बचाओ आंदोलन को मजबूती प्रदान करने पर जोर दिया। संचालन क्षेत्रीय मंत्री अखिलेश दुबे ने किया। बृजेंद्र यादव, मंजू देवी, श्रीकृष्ण शुक्ला, एहसाना बेगम, उदयवीर सिंह यादव आदि ने अतिथियों का माल्यार्पण व शाल भेंट कर स्वागत किया। प्रसपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, जिलाध्यक्ष सुनील यादव, प्रमुख महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, केके यादव, विकास विक्की गुप्ता, अनवार हुसैन, बृजेंद्र यादव, इंद्रजीत आदि मौजूद रहे।