कांग्रेस महासचिव शक्ति सिंह बोले- सरकार अहंकार छोड़ शाहीन बाग में धरना देने वालों से बात करे
कानपुर में पत्रकार वार्ता में बिहार चुनाव प्रभारी ने कहा भाजपा-जेडीयू का बिहार की जनता से कोई मेल नहीं है।
कानपुर, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व बिहार चुनाव प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा है कि बिहार की जनता से भाजपा-जेडीयू का न ताल है न मेल, जनता पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है। वह शहर में पूर्व विधायक अजय कपूर के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कहा, बिहार की जनता के बीच अच्छा एजेंडा लेकर जाएंगे। बिहार सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अजय कपूर व वीरेंद्र राठौर को बिहार में चुनाव की तैयारियों की जिम्मेदारी दी गई है। इससे बिहार में पार्टी मजबूत होगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर शक्ति सिंह ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस चुनाव हारी जरूर है, लेकिन कांग्रेस ने ही दिल्ली में अच्छा विकास किया है।
शक्ति सिंह ने शाहीन बाग में चल रहे धरने के सवाल पर कहा कि सीएए संविधान के खिलाफ है। सरकार को अहंकार छोड़कर धरना दे रहे लोगों से बात करना चाहिए। केंद्र की नीतियां गलत हैं। झारखंड चुनाव में वहां की जनता ने कांग्रेस गठबंधन को वोट दिया।
अजय कपूर ने शक्ति सिंह को शिव जी की मूर्ति देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विधायक सोहिल अख्तर अंसारी, कोपोस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर, संजय कपूर, महेश प्रसाद दीक्षित, मदन मोहन शुक्ला, शंकर दत्त शुक्ला, अंबरीश सिंह गौर, मिथलेश पांडेय, अंजू तिवारी, रानी लोधी, रेखा दुबे, लाली गुप्ता, सुरेंद्र बिहारी मौजूद रहे।