जालौन में हादसा देखकर निकल गई चीख, थ्रेसर में फंसकर सात साल के मासूम की दर्दनाक मौत
कदौरा थाना क्षेत्र के खुदमिटी गांव में रात में मसूर की फसल की मड़ाई के समय हादसा होने के बाद कोहराम मच गया।
जालौन, जेएनएन। कौदारा थाना क्षेत्र के गांव में बुधवार की रात दर्दनाक हादसा देखकर लोगों की चीख निकल गई। सात साल के एक मासूम की थ्रेसर में फंस कर मौत हो गई। जबतक थ्रेसर बंद किया जाता लेकिन इससे पहले पुली में फंसने की वजह से वह कई बार पलटी खाकर लहूलुहान हो गया। वह अपनी दादी के पास गांव में रह रहा था, पुलिस को सूचना दिए बिना घर वालों ने सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।
खुदमिटी गांव निवासी राजेंद्र कुशवाहा हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर स्थित साबुन कंपनी में काम करते हैं। विवाद के बाद उनकी पत्नी चार वर्षों से चित्रकूट मायके में रह रही हैं। राजेंद्र का सात साल का बेटा सत्यम गांव में दादी इंदिरा रामदयाल के पास रहता था। राजेंद्र ने डेढ़ बीघा खेत में मसूर बोयी थी। बुधवार की रात करीब दस बजे फसल की मड़ाई थ्रेसर की जा रही थी। घर वालों के साथ कक्षा दो में पढ़ने वाला सत्यम भी वहीं पर था।
ग्रामीण बताते हैं कि इसी बीच सत्यम के मुंह पर बंधा कपड़ा अचानक थ्रेसर की पुली में फंस गया। इससे वह कई चक्कर खाकर लहूलुहान हो गया। जबतक थ्रेसर बंद करके उसे निकाला गया तबतक उसकी मौत हो गई। मासूम की दर्दनाक मौत देखकर हर किसी की चीख निकल गई। घटना के बाद घर वालों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। गुरुवार की सुबह घर वालों ने पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया गया।