कानपुर पॉलीटेक्निक की छात्राएं आत्मरक्षा के गुर सीखकर होंगी पारंगत, मिशन शक्ति के तहत मिलेगी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के लिए प्राविधिक शिक्षा निदेशालय ने पूरा सिलेबस तैयार किया है जिसका समय 11 दिन का रखा गया है। निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि संस्थान स्तर पर छात्राओं को छेड़छाड़ शारीरिक शोषण से बचाव के तरीके सिखाए जाएंगे।
कानपुर, जेएनएन। प्रदेश भर के पॉलीटेक्निक संस्थानों में छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। उन्हें प्लेसमेंट और रोजगार मुहैया कराने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साक्षात्कार, समूह चर्चा और व्यक्तित्व विकास के लिए कई कंपनियों से बातचीत जारी है। जल्द ही उसके लिए प्राविधिक शिक्षा निदेशालय के साथ करार किया जा सकता है। छात्राओं को भी आत्मरक्षा के गुर सिखाने की प्लानिंग हुई है। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति के अंतर्गत जनपद स्तर पर संचालित किया जाएगा।
इन चीजों के प्रशिक्षण बनाएगा सिद्धस्त
इस प्रशिक्षण के लिए प्राविधिक शिक्षा निदेशालय ने पूरा सिलेबस तैयार किया है, जिसका समय 11 दिन का रखा गया है। निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि संस्थान स्तर पर छात्राओं को छेड़छाड़, शारीरिक शोषण से बचाव के तरीके सिखाए जाएंगे। उन्हें वाट्सएप, फेसबुक समेत अन्य इंटरनेट मीडिया पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया जाएगा। किस तरह के वीडियो और लिंक को शेयर करना चाहिए और किसे नहीं। इंटरनेट मीडिया में किस तरह से अकाउंट को हैक होने से बचाया जा सकता है, इसकी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें महिला संबंधी अपराधों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। हेल्पलाइन और पुलिस कंट्रोल रूम के नंबरों को साझा किया जाएगा। पुलिस के अधिकारियों और कानूनी सलाहकारों के व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए योग और व्यायाम के तरीके बताए जाएंगे। डाइटिशियन से खाने की गुणवत्ता के बारे में बताया जाएगा। किसी महिला खिलाड़ी या अन्य प्रेरित करने वाले व्यक्तित्व को आमंत्रित किया जा सकता है।