Weather Update News : देर शाम हुई 70 MM झमाझम बारिश, वैज्ञानिकों का अनुमान...दो दिन इस तरह रहेगा मौसम
मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसमी सिस्टम एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है जबकि बिहार पश्चिम बंगाल की ओर ट्रफ लाइन गुजर रही है।
कानपुर, जेएनएन। पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस का असर सोमवार की शाम को कम हो गया। तेज हवा संग झमाझम बारिश हुई। अगले दो दिन इसी तरह का मौसम रहने का आसार है। तापमान में उतार चढ़ाव होने की संभावना है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने 70 मिलीमीटर वर्षा का अनुमान लगाया है। वातावरण में आर्द्रता का स्तर भी बढ़ गया है। मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसमी सिस्टम एक बार फिर से सक्रिय हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है, जबकि बिहार, पश्चिम बंगाल की ओर ट्रफ लाइन गुजर रही है। वहां भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। सोमवार की सुबह धूप निकली। बीच बीच में बादल छाए रहे, जिसकी वजह से उमस का प्रभाव भी बना हुआ था। दोपहर तीन बजे के बाद से अचानक बदली छा गई। झमाझम बारिश हुई। इसका क्रम कई घंटे तक बना रहा, जिसके चलते सड़क और गलियों में जलजमाव हो गया।
ल्यूपिट की वजह से बदलेगा मौसम : डा. पांडेय के मुताबिक जापान में चक्रवाती तूफान ल्युपिट सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से वहां पर अलर्ट जारी हो गया है। कई उड़ाने रद कर दी गई हैं, जबकि समद्र में जाने पर मनाही हो गई है। यह काफी सशक्त बताया जा रहा है। इसकी वजह से देश का मौसम बदल सकता है। चीनी सागर में पिछले महीने बने टाइफून ने अपने यहां के मानूसनी सिस्टम को बदल दिया था। हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी की हवा खींचकर उस ओर चली गई थी। ल्युपिट की वजह से भी इस तरह हो सकता है।