इटावा में सपा नेता की हत्या पर प्रो. रामगोपाल यादव का आया बयान, प्रदेश की कानून व्यवस्था पर किया प्रहार
शुक्रवार को सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव शुक्रवार को दिवंगत सपा नेता राजकुमार उर्फ बबलू यादव के आवास पर शोक प्रकट पहुंचे। युवा सपा नेता की हत्या होने पर वे उनके पैतृक गांव नगला हर्राय आए थे। सपा ने जिला पार्टी कार्यालय पर शोक सभा रखी।
इटावा, जेएनएन। समाजवादी युवजन सभा जिलाध्यक्ष रहे राजकुमार उर्फ बबलू यादव की गुरुवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राजकुमार ग्राम पंचायत भदमा सावरान के निवर्तमान प्रधान थे जो शाम को करीब छह बजे अपनी पंचायत क्षेत्र के गांव नगला लायक में प्राथमिक विद्यालय पर थे। उसी के कुछ देर बाद उनके साथ घटना घटित हुई थी।
अंत्येष्टि में उमड़े आसपास के ग्रामीण
युवा सपा नेता बबलू यादव ने प्रधान बनने के बाद अपने ही नहीं अपितु आसपास के गांवों में काफी अच्छी छवि बना ली थी। यही कारण है कि शुक्रवार को अंत्येष्टि संस्कार के मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण उमड़े, अधिकांश की आंखें नम थीं और चेहरे पर गहरा दुख प्रकट हो रहा था। यहां पूर्व मंत्री रामसेवक यादव गंगापुरा, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पदम तिवारी आदि सपा नेता मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: इटावा में युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, निवर्तमान प्रधान होने से चुनावी रंजिश की शंका
घटना के अगले दिन पहुंचे सांसद रामगोपाल यादव
शुक्रवार को सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव शुक्रवार को दिवंगत सपा नेता राजकुमार उर्फ बबलू यादव के आवास पर शोक प्रकट पहुंचे। युवा सपा नेता की हत्या होने पर वे उनके पैतृक गांव नगला हर्राय आए थे। इस दौरान डन्होंने मृतक के पिता सूरज सिंह व अन्य स्वजन को सांत्वना देकर शोक संवेदना प्रकट की। इस दौरान रामगोपाल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है, चारों ओर अराजकता का माहौल है। माैके पर संतोष यादव, सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, निवर्तमान चेयरमैन कुलदीप गुप्ता, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष चरन सिंह राजपूत, ब्लाक अध्यक्ष स्वदेश यादव आदि सपा नेता उपस्थित थे।
सपा कार्यालय पर हुई शोक सभा
पूर्व युवजन सभा जिलाध्यक्ष एवं निवर्तमान ग्राम प्रधान राजकुमार उर्फ बबलू यादव की हत्या पर सपा ने जिला पार्टी कार्यालय पर शोक सभा रखी। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में शोकसभा करके बबलू द्वारा पार्टी के प्रति किए गए योगदान की विस्तार से चर्चा हुई। सपाइयों ने एसएसपी से हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।