संघ के अमृत महोत्सव की कार्ययोजना पर कानपुर में मंथन करेंगे दत्तात्रेय होसबाले, बिठूर में की जा रही तैयारी
कानपुर के बिठूर में 16 से 18 नवंबर तक सरकार्यवाह कानपुर प्रांत के प्रचारक पदाधिकारी व स्वयंसेवकों के साथ अमृत महोत्सव को लेकर चर्चा की जाएगी। 19 नवंबर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम शुरू कर रहा है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आजादी के अमृत महोत्सव की कार्ययोजना पर मंथन के लिए सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सोमवार को कानपुर पहुंचे। वह अगले तीन दिन बिठूर के लवकुश नगर स्थित आरोह संस्थान में कानपुर प्रांत के प्रचारक, पदाधिकारी व स्वयंसेवकों से चर्चा करेंगे। इसमें बांग्लादेश में हिंदुओं के नरसंहार पर चर्चा होगी। वहीं आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी जाएगी।
सरकार्यवाह 16 से 18 नवंबर तक बिठूर में संघ पदाधिकारियों के साथ चिंतन करेंगे। इसके ठीक अगले दिन से संघ का अमृत महोत्सव शुरू होने जा रहा है जिसमें 16 दिसंबर तक बहुत से सांस्कृतिक कार्यक्रम होने हैं। इन सभी कार्यक्रमों की सफलता को लेकर वह संघ पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। राष्ट्रीयता और भारतीय संस्कृति से जुड़े ये कार्यक्रम और इनकी सफलता इस समय बहुत मायने रखती है जबकि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव करीब हैं। बैठक स्थल के बाहर संघ के अमृत महोत्सव से जुड़ा बैनर भी इस कार्यक्रम की महत्ता को बता रहा है।
संघ पदाधिकारियों के मुताबिक विजयदशमी के दिन संघ प्रमुख मोहन भागवत का जो उद्बोधन रहा है। उसके बारे में भी पदाधिकारियों को बताया जाएगा और उसके हिसाब से आगामी कार्यों की भी जानकारी दी जाएगी। स्थानीय स्तर पर कौन से सेवा कार्य इस समय चल रहे हैं, उनके बारे में भी जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा शाखा विस्तार पर भी चिंतन किया जाएगा। उनके आगमन पर स्थानीय स्तर के संघ पदाधिकारियों ने बैठकें भी कीं। इसके अलावा बिठूर में कई स्थानों पर स्वागत गेट भी लगाए गए।