उन्नाव से पकड़े गए रोहिंग्या की पत्नी ने खुद को बताया म्यांमार निवासी, कहा- बैंकों में खुलवा रखे खाते
रोहिंग्या शाहिद के मामले में चल रही जांच में उसकी पत्नी ने बताया कि वह म्यांमार की मूल निवासी है। वह वर्ष 2013 में अपनी बहन के साथ बांग्लादेश आई थी। वहां से भारत आकर मखदूम नगर कामिल रोड अलीगढ़ में किराये के मकान में रहने लगी।
उन्नाव, जेएनएन। बीते दिनों जिले से पकड़े गए रोहिंग्या शाहिद की पत्नी के भी रोहिंग्या होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। महिला ने खुद को म्यांमार का निवासी बताया। उसने आधार व पैन कार्ड बनवाने से लेकर बैंकों में खाते खुलवा रखे हैं। वह काफी दिनों से भारत में रह रही है। पुलिस जांच रिपोर्ट एटीएस को देगी।
रोहिंग्या शाहिद के मामले में चल रही जांच में उसकी पत्नी ने बताया कि वह म्यांमार की मूल निवासी है। वह वर्ष 2013 में अपनी बहन के साथ बांग्लादेश आई थी। वहां से भारत आकर मखदूम नगर कामिल रोड अलीगढ़ में किराये के मकान में रहने लगी। कुछ दिन बाद उसकी शादी मोहम्मद शाहिद से हो गई। शादी के बाद वह भजपुरा, नया बिजलीघर अलीगढ़ में पति के साथ किराए के मकान में रहने लगी। 2017 में पति ने भजपुरा में ही उसके नाम से प्लाट खरीदा और उसमें निर्माण कराया। बताया कि उसका आधार और पैन कार्ड के अलावा पहचान पत्र भी बना हुआ है। इसके अलावा एचडीएफसी व बैंक ऑफ बड़ौदा में उसके खाते भी हैं। उसके चार बच्चों के आधार कार्ड भी बने हुए हैं। उसके अनुसार सभी कागजात लखनऊ से आई एटीएस अपने साथ ले गई थी। पुलिस मामले की कार्रवाई कर रिपोर्ट लखनऊ को भेजने की तैयारी कर रही है।