पहले आएगा कानपुर लोकसभा क्षेत्र का परिणाम, 25 चक्र में होगी गणना
नौबस्ता गल्ला मंडी में कानपुर और अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र की मतगणना होगी।
कानपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव की 23 मई को होने वाली मतगणना में कानपुर सीट का परिणाम पहले आएगा और अकबरपुर सीट का बाद में घोषित होगा। कारण यह कि कानपुर की गणना 25 चक्र में ही पूरी हो जाएगी, जबकि अकबरपुर सीट को नतीजे के लिए 31 चक्र पूरे करने होंगे। मतगणना में माइक्रो आब्जर्वर तो रहेंगे ही, सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी मतगणना कार्मिकों पर नजर रखी जाएगी।
कानपुर और अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र मे मतदान होने के बाद सभी ईवीएम नौबस्ता गल्ला मंडी में सुरक्षित रखवाई गई हैं। 23 मई को यहीं पर मतगणना होगी, जिसकी तैयारियों का खाका तैयार कर लिया गया है। कानपुर के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 3,517 बूथ हैं। इनमें से 1,532 बूथ कानपुर संसदीय क्षेत्र में हैं, बाकी अकबरपुर क्षेत्र में। तय व्यवस्था के मुताबिक अकबरपुर सीट के पांच विधानसभा क्षेत्रों में चार की गणना कानपुर में होगी, जबकि अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र की गणना कानपुर देहात में होगी।
अकबरपुर सीट के 1,543 बूथ की गिनती कानपुर में होगी। अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र की गणना कानपुर देहात से आएगी। इसके बाद शहर से ही परिणाम घोषित किया जाएगा। इसी तरह बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के 442 बूथों की गणना कानपुर में होगी लेकिन, इसकी सूचना हरदोई भेजी जाएगी। यह क्षेत्र मिश्रिख संसदीय सीट में है और उसका मुख्यालय हरदोई है।
कानपुर सीट पर सबसे ज्यादा 349 बूथ गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां 25 चक्र में गणना होगी। आर्यनगर व सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में कम बूथ होने से गणना पहले पूरी होगी। अकबरपुर संसदीय क्षेत्र के महराजपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 31 बूथ हैं। हर मतगणना कक्ष में 16 टेबल होंगी और 60-60 कार्मिक। 14 टेबल पर वोट गिने जाएंगे। हर टेबल पर एक माइक्रोआब्जर्वर रहेंगे।
50 वीवीपैट की पर्चियों की गिनती होगी
हर विधानसभा क्षेत्र की पांच-पांच वीवीपैट मशीन की पर्चियों का मिलान भी होगा। ये वीवीपैट किस बूथ की होंगी, इसका निर्णय प्रत्याशी व प्रेक्षक मिलकर करेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप