22 वर्ष का टूटा रिकार्ड, सबसे ठंडी रही 18 जनवरी
उत्तर पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मंगलवार को पिछले 22 वर्षों का रिकार्ड
जासं, कानपुर : उत्तर पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मंगलवार को पिछले 22 वर्षों का ठंड का रिकार्ड टूट गया। न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। हालांकि, दिन में हल्की धूप निकलने से अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने रात का तापमान गिरने के कारण फसलों में पाला पड़ने की आशंका जताते हुए किसानों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। हर दिन बन रहा नया रिकार्ड
ठंडक इस बार हर दिन के साथ नया रिकार्ड बना रहा है। सोमवार को शहर में दिन के तापमान ने 18 वर्षों का रिकार्ड तोड़ा था। तब दिन में तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया था। अगले ही दिन नया रिकार्ड बन गया। मंगलवार तड़के 22 वर्षों में सबसे कम 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इससे पूर्व वर्ष 1999 में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री था। बर्फीली नम हवाओं से बनी कोल्ड डे की स्थिति
सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बताया कि पिछले कुछ दिन से एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश और आसपास के इलाकों पर बना है। एक पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार रात से ही पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने लगेगा। इसके बाद नया पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंच सकता है। इन विक्षोभ के कारण उत्तर पश्चिम से बर्फीली नम हवाओं के मैदानी इलाके में आने की रफ्तार और तेज हुई है और कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। अनुमान
जारी रहेगी शीतलहर, 22 को बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिक डा. पांडेय के अनुसार, अगले 48 घंटे तक सुबह-शाम घना कोहरा रहेगा। शीतलहर और गलन भी जारी रहेगी। आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच सूर्य की गर्मी काफी धीमी रहेगी। इससे दिन में लगातार कंपकंपी और सर्दी का एहसास होता रहेगा। 21 तारीख के बाद बादल छा सकते हैं। तब 22 जनवरी को गरज, चमक के साथ ही एक बार फिर ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं। किसानों को सलाह
मौसम वैज्ञानिक ने किसानों को सलाह दिया है कि मौजूदा मौसम को देखते हुए फसलों में सिचाई, खरपतवार नाशी, कीटनाशी एवं रोग नाशी का छिड़काव रुककर करें। ------------ पिछले सात दिन का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
दिनांक - अधिकतम- न्यूनतम
18 जनवरी- 13.4 - 2.6
17 जनवरी- 11.6 - 4.6
16 जनवरी- 16.0 - 4.8
15 जनवरी- 17.8 - 7.8
14 जनवरी- 18.4 - 4.4
13 जनवरी- 19.5 - 6.8
12 जनवरी- 19.4 - 10.6
------------ चार डिग्री से कम न्यूनतम तापमान (18 जनवरी)
वर्ष - तापमान
1998 - 3.8 डिग्री
1999- 2.4 डिग्री
2000- 4.0 डिग्री
2001- 3.0 डिग्री
2002- 3.0 डिग्री
2016- 4.0 डिग्री
2022- 2.6 डिग्री