संक्षेप में पढ़िए - कानपुर नगर की क्राइम और अन्य घटनाओं से जुड़ी खबरें
कानपुर शहर में प्रतिदिन ही शिक्षा राजनीति और अन्य गतिविधियां होती ही रहती हैं। हम खबरों की इस कड़ी में आपको क्राइम और अन्य घटनाओं की ऐसी ही संक्षेप खबरें उपलब्ध कराते हैं। सोमवार को भी ऐसी कई खबरें सामने आईं। आइए जानते हैं
- ई-रिक्शा की टक्कर से दुकानकर्मी की मौत
नौबस्ता योगेंद्र विहार खाड़ेपुर निवासी 55 वर्षीय संतोष कुमार को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें एलएलआर अस्पताल (हैलट) भेजा गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। संतोष के परिवार में पत्नी रामश्री, बेटा शिवम, बेटी पूजा और सोनी हैं। भतीजे शुभम ने बताया कि चाचा कर्रही रोड स्थित एक इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में काम करते थे। दो जनवरी को दुकान से घर लौटते वक्त कर्रही रोड पानी की टंकी के पास हादसा हुआ है।
- इनोवा की टक्कर से मजदूर की मौत
बर्रा के मायापुरम बस्ती निवासी विनोद कुमार का 21 वर्षीय इकलौता बेटा राहुल भी मजदूरी करता था। विनोद के परिवार में पत्नी सोनी, बेटी लक्ष्मी और मुस्कान हैं। विनोद ने बताया कि रविवार को राहुल किसी काम से दोस्त के साथ बाइक से गया था। हरदेव नगर चौराहे के पास इनोवा गाड़ी ने सामने से टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहुल को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान सोमवार की शाम राहुल की मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में ली है। चालक मौके से भाग निकला है।
- बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत
सचेंडी करीमपुर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग बीरबल 19 जनवरी को सहबाजपुर अकबरपुर कानपुर देहात निवासी बेटी रेखा के घर जा रहे थे। रनिया के पास तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बीरबल घायल हो गए थे। उन्हें सचेंडी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बीरबल के परिवार में पत्नी शिवकांती, बेटे नरेंद्र और श्याम सुंदर हैं।