संक्षेप में पढ़िए - कानपुर नगर की क्राइम और अन्य घटनाओं से जुड़ी खबरें
कानपुर शहर में प्रतिदिन ही शिक्षा राजनीति और अन्य गतिविधियां होती ही रहती हैं। हम खबरों की इस कड़ी में आपको क्राइम और अन्य घटनाओं की ऐसी ही संक्षेप खबरें उपलब्ध कराते हैं। मंगलवार को भी ऐसी कई खबरें सामने आईं। आइए जानते हैं
- नहीं हुई बाइक सवार की शिनाख्त
कल्याणपुर : सचेंडी हाईवे पर सोमवार रात पनकी की और आ रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। एक तेज रफ्तार डीसीएम बाइक में टक्कर मार कर मौके से भाग निकली थी। युवक ने पीली चौकोर धारीदार शर्ट व कत्थई रंग की पेंट पहन रखे थी। इस मामले में दूसरे दिन भी बाइक सवार युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस के मुताबिक बाइक नंबर का रिकॉर्ड ऑनलाइन ना होने पर युवक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।
- रंगदारी मांगने का आरोप, मुकदमा
कल्याणपुर : कल्याणपुर में रहने वाले विभू भदौरिया ने इलाके के छोटू भदोरिया अंबर दीक्षित, अर्पित द्ववेदी, करन सिंह पर फोन कर तीन हजार रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़त के मुताबिक रंगदारी का विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक विभू सिंह के ऊपर भी कुछ दिनों पहले मारपीट के मामले में एनसीआर दर्ज हुई थी। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि प्राथमिक जांच में रंगदारी मांगने जैसी बात सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- दुष्कर्म आरोपित फौजी हुआ गिरफ्तार
कल्याणपुर : पनकी पुलिस ने दुष्कर्म व धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे शिवली के टोडरपुर निवासी फौजी चंद्रभान सिंह को गिरफ्तार किया है। पनकी की एक युवती ने चंद्रभान पर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में आरोपित फौजी फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामलीला मैदान के पास से आरोपित चंद्रभान को गिरफ्तार कर लिया। पनकी इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।