वेदांती बोले- देशहित में नागरिकता संशोधन बिल, अब जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए सरकार
रामजन्म भूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा तीन माह में ट्रस्ट निर्माण के बाद 1111 फीट ऊंचा राम मंदिर बनेगा।
उरई, जेएनएन। राम जन्म भूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती ने नागरिकता संशोधन बिल को केंद्र सरकार का सराहनीय कदम बताया है। कहा, यह देशहित में है, इससे उन लोगों पर अंकुश लगेगा जो चोरी से देश में घुसपैठ करते हैं और अशांति का वातावरण बनाते हैं।
उरई आए डॉ. वेदांती ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस बिल का विरोध करने वालों को देशहित से कोई सरोकार नहीं है। लंबे समय तक शासन करने वाली कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति का ही परिणाम है कि समस्याएं सुलझने की बजाय उलझती चली गईं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेहद सराहनीय फैसला है। उन्होंने कहा कि इसके बाद सरकार को जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाना चाहिए, ताकि बढ़ती आबादी पर अंकुश लगाया जा सके।
हम आजाद, लेकिन मठ-मंदिर नहीं
पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती ने कहा कि अयोध्या में बनने वाला राम मंदिर 1111 फीट ऊंचा होगा। तीन माह में ट्रस्ट निर्माण के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। बोले कि, देश को आजाद हुए 70 वर्ष बीत चुके हैं, हम तो आजाद हैं, लेकिन मठ-मंदिर आजाद नहीं हो सके। देश के तमाम मंदिरों को मुगलकाल में तोड़ा गया। किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया।
देश का प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद नरेंद्र मोदी ने पहल की। सर्वोच्च न्यायालय ने फैसला दिया। सभी को इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नासा के उपग्रह से जांच कराई थी। उस दौरान अयोध्या में मंदिर होने के साक्ष्य मिले थे। बोले कि कांग्रेस ने हमेशा ङ्क्षहदू-मुस्लिम को बांटने का काम किया है।