किसान पाठशाला में मिलेगी कम लागत में अधिक उत्पादन व खेती से जुड़ी हर जानकारी
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक से पहले दी जानकारी।
कानपुर, जेएनएन। पूरे सूबे में 17 जून तक किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें किसानो को कम लागत में अधिक उत्पादन और खेती से जुड़ी हर जानकारी मिलेगी। जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अफसर हर गांव की दो न्याय पंचायतों में यह कार्यक्रम कराएंगे। ये बातें भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा ने कहीं।
वह सोमवार को सर्किट हाउस में भाजपा किसान मोर्चा की क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आए थे और पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के लिए मोदी-योगी सरकार हर वह काम करेगी, जिससे किसानों को लाभ मिले। उन्होंने बताया कि देश के 14.5 करोड़ और प्रदेश के 3.25 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए जनपद स्तर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी किसानों की हर समस्या का समाधान कराएंगे। वह समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों से संवाद करेंगे। उन्होंने क्षेत्रीय कार्यसमिति में संगठन को मजबूत करने के दिशा-निर्देश भी दिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप