केस्को के खिलाफ सड़क पर उतरी जनता, खोदाई कर रहे मजदूर काम छोड़कर भागे Kanpur News
गांधीनगर में लाठी-डंडों से लैस होकर आए लोगों ने खोदाई का सामान लिया कब्जे में।
कानपुर, जेएनएन। गांधीनगर में केस्को द्वारा बेतरतीब ढंग से डाली जा रही केबल, नगर निगम की अनुमति के बिना की जा रही सड़क की खोदाई व मानकों को दरकिनार कर हो रहे काम के विरोध में बुधवार को लोग स्थानीय पार्षद महेन्द्र शुक्ल की अगुवाई में लाठी-डंडों से लैस होकर सड़क पर उतर आए। भीड़ को आता देख खोदाई कर रहे मजदूर भाग खड़े हुए, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने औजार अपने कब्जे में ले लिये। नगर निगम के मुख्य अभियंता भी मौके पर पहुंचे।
बिना मानक के डाली जा रही केबल
आरोप है कि आनंद बाग चौराहा से गांधीनगर स्थित गांधी चौक तक बिना मानकों के केबल डाली जा रही थी। काम करने वाले मजदूरों व राहगीरों की सुरक्षा के लिए कार्यस्थल पर न तो संकेतक लगाये गए थे और न ही सूचना पट व बैरीकेडिंग। इसके अलावा नाली के अंदर केबल व उसके ऊपर पैनल लगाया जा रहा था जिससे भविष्य में नाली टूटने पर केबिल में हुए फाल्ट से करंट उतर सकता है।
बिना अनुमति के ही की जा रही थी खोदाई
इस मामले को दैनिक जागरण ने बुधवार को प्रमुखता से छापा था जिसके बाद क्षेत्रीय पार्षद महेंद्र शुक्ल द्वारा मौके पर जाकर पूछताछ के बाद सच सामने आया कि नगर निगम की अनुमति के बिना ही खोदाई की जा रही है। इसी बात से खफा होकर पार्षद महेन्द्र शुक्ल, सत्यम, राजन तिवारी, आलोक गुप्ता, अनुज मिश्र, मोनू, जगदीश, समेत दर्जनों लोगों का गुस्सा फूट पड़़ा।
केस्को के अफसरों ने दिखाई उदासीनता
नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी के आदेश पर नगर निगम मुख्य अभियंता कैलाश सिंह भी पहुंचे और उन्होंने लोगों के कब्जे से सामान को कब्जा मुक्त कराकर उसे कार्यालय भिजवाया। इस दौरान केस्को के एक भी अफसर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना मुनासिब नहीं समझा
इन मानकों का नहीं हुआ पालन
- कार्य के बारे में जानकारी देने वाले सूचना पट नहीं लगे थे।
- मजदूरों व राहगीरों की सुरक्षा के लिए संकेतक नहीं लगे थे।
- बैरीकेडिंग की कोई व्यवस्था नहीं थी।
- धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव नहीं किया गया था।
-खोदाई से क्षतिग्रस्त हो चुकी पाइप को ठीक नहीं करवाया गया।
- नाली के अन्दर केबल व उसके ऊपर पैनल लगाने का काम एक साथ किया जा रहा था।
इनका ये है कहना
मानकों का पालन नहीं होने के चलते काम रुकवा दिया गया है और सामान जब्त कर लिया गया है। मानक के अनुरूप ही काम को कराया जाएगा।
- कैलाश सिंह, मुख्य अभियंता नगर निगम