काम बंद कराने के विरोध में भाजपाई ने सिपाही संग की हाथापाई, थाने में हुआ हंगामा
गोविंद नगर पांच ब्लाक में एक मकान के निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। जिसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई थी। इस पर पीआरपी में तैनात सिपाही चंद्रकांत अन्य साटाफ के साथ घटनास्थल पहुंचा।
कानपुर, जेएनएन। गोविंद नगर में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कंट्रोल रूम की सूचना पर पीआरवी के सिपाही मौके पर पहुंचे। जहां एक भाजपाई ने सिपाहियों संग अभद्रता करते हुए हाथापाई की। इस पर पीआरवी के सिपाही भाजपाई को थाने ले आए। भाजपाई को थाने लाने की जानकारी होने पर एक दर्जन भाजपाई थाने पहुंचे। जहां पुलिस पर दबाव बनाकर हाथापाई करने के आरोपित को छुड़ा ले गए।
गोविंद नगर पांच ब्लाक में एक मकान के निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। जिसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई थी। इस पर पीआरपी में तैनात सिपाही चंद्रकांत अन्य साटाफ के साथ घटनास्थल पहुंचा। आरोप है कि इस बीच वहां मौजूद एक भाजपाई ने सिपाही चंद्रकांत संग अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की।
सिपाही ने इसका विरोध किया तो आरोपित ने कॉलर पकडऩे के साथ ही हाथापाई कर दी। इस पर अन्य सिपाही भाजपाई को पकड़कर थाने ले आए। भाजपाई के पकड़े जाने की जानकारी मिलने के बाद भाजपाई अमित मल्होत्रा, सुनील नारंग, अजीत छाबड़ा समेत एक दर्जन भाजपाई थाने पहुंचे। जहां पुलिस पर दबाव बनाकर भाजपाई को छुड़ा ले गए। एसपी साउथ दीपक भूकर का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।