शिवपाल की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की कानपुर टीम घोषित
अबतक चुप्पी साधे नेता भी खुलकर प्रसपा के साथ आने लगे हैं। कार्यकारिणी में 30 सचिव और 7 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं।
कानपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) हर जिले में अपनी टीम मजबूत करने में जुटी है। लखनऊ रैली में अपनी ताकत का प्रदर्शन करने के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने अलग-अलग पदों पर मनोनयन शुरू कर दिया है। कानपुर में भी प्रसपा जिलाध्यक्ष ने अपनी टीम की घोषणा की है, इसके बाद से विरोधी खेमे में हलचल तेज हो गई है। वहीं अबतक चुप रहने वाले भी प्रसपा के साथ खुलकर सामने आने लगे हैं।
कानपुर नगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष शिवमोहन सिंह चंदेल ने अपनी टीम की घोषणा की। इसमें राम सिंह यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अयाज हुसैन, सुनील बाजपेयी, समरजीत सिंह यादव, नंदलाल पाल उपाध्यक्ष, नीरज गुप्ता कोषाध्यक्ष, हरी कुशवाहा प्रमुख महासचिव, सचिन वोहरा सहित छह महासचिव, 30 सचिव और 7 कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए हैं। कार्यकारिणी की घोषणा होने के बाद प्रसपा पदाधिकारियों में उत्साह का संचार हुआ और एक दूसरे को बधाई भी दी। वहीं जिलाध्यक्ष ने अब बूथ स्तर तक पार्टी का संदेश पहुंचाकर जनता को जोडऩे का आह्वान किया।
वहीं, प्रसपा नगर इकाई की बैठक नगर अध्यक्ष महताब आलम ने जाजमऊ स्थित पार्टी कार्यालय में की। उन्होंने लखनऊ रैली में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सुनील महिवाल को महानगर महासचिव बनाया गया। वहीं, कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर तक संघर्ष करने के दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों को पार्टी की नीतियां व एजेंडा बताकर जोडऩे की अपील की।