पूनम यादव ने कहा, कभी सोचा नहीं था कि देश के लिए मौका मिलेगा Kanpur News
अर्जुन अवार्डी भारतीय खिलाड़ी ने क्रिकेट के लिए कानपुर को बेहतर बताया।
कानपुर, जेएनएन। अर्जुन अवार्डी भारतीय क्रिकेटर पूनम यादव ने कहा है कि कभी सोचा नहीं था, देश के लिए खेलने का अवसर प्राप्त होगा। अब महिलाएं क्रिकेट को कॅरियर के रूप में लेकर आगे बढ़ रही हैं। क्रिकेट का गढ़ कहे जाने वाले शहर में वूमेंस क्रिकेट शुरू से ही अपनी धाक जमाए है। महिला खिलाड़ी मैचों में प्रदर्शन से अपनी छाप छोड़ रही हैं। कानपुर ही नहीं बल्कि प्रदेश में भी टैलेंट की कोई कमी नहीं हैं।
ग्रीनपार्क में हो रहा महिला खिलाडिय़ों का इजाफा
शहर आईं पूनम कहा, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने प्रदेश की वूमेंस खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं देकर उनको क्रिकेट में छाने का मौका दिया, जिससे वूमेंस क्रिकेट को नए आयाम मिल रहे हैं। शहर के मैदान कमला क्लब व ग्रीनपार्क में वूमेंस खिलाडिय़ों की सुविधाओं में लगातार इजाफा हो रहा। शहर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां के खिलाडिय़ों ने कम संसाधनों में बेहतर प्रदर्शन कर क्रिकेट क्षेत्र में पहचान बनाई।
कौन हैं पूनम यादव
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की लेग स्पिनर पूनम यादव का जन्म आगरा में हुआ था। उनके पिता रघुवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त और उनकी मां मुन्नी देवी हाउसवाइफ हैं। पूनम ने अपनी माता-पिता की प्रेरणा से क्रिकेट जगत में नाम रोशन किया है। खेल दिवस पर उन्हें राष्ट्रपति ने अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया था। पूनम अर्जुन अवार्ड पाने वाली देश की 54वीं क्रिकेटर हैं। पूर्व ओलंपियन जगवीर सिंह, एथलीट विजय सिंह चौहान और वॉलीबाल खिलाड़ी अजीत भदौरिया के बाद वह अर्जुन अवार्ड पाने वाली आगरा की चौथी खिलाड़ी हैं।