कानपुर में पॉलीटेक्निक छात्राएं बनेंगी सशक्त, मिशन शक्ति के अंतर्गत सात दिन का मिलेगा प्रशिक्षण
सात दिवसीय प्रशिक्षण के लिए बुकलेट तैयार की गई है। इसे सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों में भेजा गया है। छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट्स और कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें स्वस्थ्य और फीट रहने के लिए संतुलित डाइट की जानकारी दी जाएगी।
कानपुर, जेएनएन। महिलाओं और युवतियों संग बढ़ते अपराध को देखते हुए पॉलीटेक्निक छात्राओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की तैयारी की गई है। उन्हें विपदा की घड़ी में क्या करना चाहिए, किस तरह से बचाव किया जाए, इसकी जानकारी दी जाएगी। किसी भी स्थिति में निपटने के लिए कौन से कदम उठाने होंगे, इससे अवगत कराया जाएगा। यह सब मिशन शक्ति के अंतर्गत प्रदेश के सभी पॉलीटेक्निक में होगा। प्राविधिक शिक्षा निदेशालय ने इसके आयोजन की रूपरेखा तैयार की है। छात्राओं को सात दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो कि तीन अप्रैल से संचालित होगा। सबसे पहले उन्हें कानून संबंधी, महिला अपराधों, आइपीसी की धाराओं के बारे में बताया जाएगा। विभिन्न तरह की हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाएगी। प्राविधिक शिक्षा निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि छात्राएं फेसबुक, वॉट्सअप, इंस्टाग्राम समेत अन्य इंटरनेट मीडिया का उपयोग करती हैं। अक्सर अज्ञानता की वजह व्यक्तिगत जानकारियां अपलोड कर देती हैं। इससे उनकी सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। उन्हें सुरक्षित तरीके से इंटरनेट की सर्फिंग की जानकारी दी जाएगी। उन्हें शिकायत करने के तरीके और कहां पर की जानी है, उससे अवगत कराया जाएगा। उन्हें कहां से सहायता मिल सकती है, इसके बारे में बताया जाएगा। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। सात दिवसीय प्रशिक्षण के लिए बुकलेट तैयार की गई है। इसे सभी पॉलीटेक्निक संस्थानों में भेजा गया है। छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट्स और कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें स्वस्थ्य और फीट रहने के लिए संतुलित डाइट की जानकारी दी जाएगी।