Loksabha Election 2019 : आज होगा मतदान, 1532 बूथों के लिए रवाना हो गईं पोलिंग पार्टियां
कानपुर क्षेत्र में बने 328 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा।
कानपुर, जेएनएन। लोकतंत्र के महापर्व में संसदीय क्षेत्र में सोमवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां नौबस्ता गल्ला मंडी से रवाना हो गईं। पीठासीन अधिकारी, पोलिंग अफसर 1, 2 और 3 को बूथवार ईवीएम, वीवीपैट आवंटित किया गया। इसके बाद निर्धारित वाहन से पोलिंग पार्टिंया बूथों पर पहुंच चुकी हैं। सोमवार की सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। निर्वाचन आयोग की ओर से शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को विशेष कार्यक्रम के माध्यम से जागरूक किया गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। छाया, पानी समेत बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए अलग इंतजाम किए गए हैं।
कानपुर संसदीय क्षेत्र में 328 मतदान केंद्र और 1532 बूथ बनाए गए हैं। यहां सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। मंडी समिति में बने निर्वाचन कार्यालय से रविवार को विधानसभावार स्ट्रांग रूम और मतदेय कर्मियों ने लाइन में लगकर ईवीएम और वीवीपैट हासिल किया। काफी संख्या में महिला कर्मी अपने पति, भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ में आईं। यहां मंडलायुक्त सुभाष चन्द्र शर्मा, जिला निर्वाचन अधिकारी विजय विश्वास पंत, सीडीओ अक्षय त्रिपाठी, एसएसपी अनंत देव, एसपी साउथ रविना त्यागी, एडीएम सिटी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने पोलिंग पार्टियों को जरूरी दिशा निर्देश देकर रवाना किया।
नन्हे मुन्ने को लेकर ड्यूटी कटवाने पहुंची
लोकसभा चुनाव में कई ऐसी महिलाओं की ड्यूटी लगा दी गई है, जिनके बच्चे एक साल से छोटे हैं। वे बच्चों को लेकर गल्ला मंडी में ड्यूटी कटवाने पहुंची और निर्वाचन अधिकारी से गुहार लगाई। उन्होंने सीडीओ से मिलकर समस्या बताने को कहा। इसपर महिला कर्मी सीडीओ से परेशानी बताकर ड्यूटी कटवाने की गुहार लगाती रहीं।