कानपुर के होनहार अब नेशनल कूडो प्रतियोगिता में दिखाएंगे हुनर, 21 से ऑनलाइन होगा आयोजन
कोबूडो मार्शल आर्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया के फाउंडर शोभित पांडेय ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मकसद खिलाड़ियों को संक्रमण काल में मानसिक और शारीरिक दूरी से फिट रखना है। लंबे समय से खिलाड़ी घरों में कैद थे।
कानपुर, जेएनएन। क्रिकेट से हटकर शहरवासी अब आत्मरक्षा के खेल कराटे व ताइक्वांडो के साथ कूडो खेल में पहचान बनाने को दम दिखा रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुई कराटे व ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में शहर के खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन कर पदक पर कब्जा किया। अब कराटे व ताइक्वांडो खेल के होनहार कूडो की नेशनल प्रतियोगिता में छाप छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
कूडो मार्शल आर्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया के फाउंडर शोभित पांडेय ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मकसद खिलाड़ियों को संक्रमण काल में मानसिक और शारीरिक दूरी से फिट रखना है। लंबे समय से खिलाड़ी घरों में ही थे, ऐसे में ऑनलाइन होने वाली प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियाें में सक्रियता आएगी और वे तैयारियों में जुट जाएंगे। उन्होंने बताया कि कूडो मार्शल आर्ट से जुड़ा हुआ खेल है। इसलिए इसमें प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल की विधाओं का ज्ञान पहले से ही हासिल होगा। ऑनलाइन हुए रजिस्ट्रेशन व चयन प्रक्रिया के हिसाब से इस प्रतियोगिता में शहर के 200 से ज्यादा खिलाड़ियों के खेलने की उम्मीद रहेगी। 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग में होने वाली प्रतियोगिता में सफल खिलाड़ियों को वर्ल्ड कूडो प्रतियोगिता में खेलने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों के मुताबिक यह कराटे और ताइक्वांडो की तरह खेलें जाने वाला खेल है। इसमें प्रतिभाग कर वे पदक जीतने की भरसक कोशिश कर वर्ल्ड प्रतियोगिता के लिए दावेदारी करेंगे।