बादशाहीनाका के जनरलगंज में प्लास्टिक गोदाम में लगी आग
जागरण संवाददाता कानपुर बादशाहीनाका थाना क्षेत्र के जनरलगंज जैन मंदिर के पास प्लास्टिक गोदाम में आग लग गई।
जागरण संवाददाता, कानपुर : बादशाहीनाका थाना क्षेत्र के जनरलगंज जैन मंदिर के पास प्लास्टिक गोदाम में बुधवार रात आग लग गई। इससे वहां रखा माल राख हो गया। कंट्रोल रूम की सूचना पर बादशाहीनाका थाना पुलिस, लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन से तीन दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
लखनऊ फाटक के पास रहने वाले वैभव जैन की अंजली प्लास्टिक के नाम से फर्म हैं। उनका जनरलगंज पचकूचा में लखनलाल के मकान की पहली मंजिल पर गोदाम हैं। जहां पैकेजिग की पन्नियां, रोल, टेप आदि सामान का भंडारण करते हैं। वैभव जैन ने बताया कि रात करीब 8 बजे दुकान का कर्मचारी गोदाम चेक करने के बाद गया था। करीब 8.30 बजे पड़ोसी विकास जैन ने उन्हें गोदाम में आग लगने की सूचना दी। जिस पर उन्होंने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सूचना पर थाना पुलिस के साथ लाटूश रोड फायर स्टेशन से दो गाड़ियां और कर्नलगंज फायर स्टेशन से एक गाड़ी घटनास्थल पहुंची। संकरी गली होने से गाड़ी अंदर नहीं जा सकी। हौज पाइप जोड़कर दमकल जवानों ने सामने की बिल्डिंग से खिड़कियों से आग बुझानी शुरू की। बाद में सीढि़यों के रास्ते हौज पाइप ऊपर ले जाकर आग को बुझाया गया। इसमें करीब एक घंटे का वक्त लगा। वैभव जैन का कहना है कि गोदाम में बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है। आग कैसे लगी इस बारे में जानकारी नहीं हो सकी है। वहीं उनका कहना है कि अभी नुकसान का भी आंकलन नहीं कर पाए हैं। वहीं लाटूश रोड फायर स्टेशन से अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र चौबे ने बताया कि गोदाम में आग बुझाने के उपकरण और पानी का कोई इंतजाम नहीं मिला है। आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है।