सर, ऐसे ही आप आते रहें तो शायद सुधर जाएं शहर के हालात Kanpur News
महानिदेशक का दौरा होने पर समस्याएं दूर हुईं तो लोगों ने बयां की अपनी बात।
कानपुर, जेएनएन। नेशनल गंगा क्लीन मिशन महानिदेशक के आगमन से पहले कई दिन से बैराज रोड पर लीकेज ठीक कर दिया गया। वहीं अटल घाट में जमा बालू हटाने का काम भी शुरू हो गया। कई दिन से इन समस्याओं से जूझ रहे लोगों ने समाधान होते देखा तो कहा, सर आप ऐसे ही आते रहें तो शायद शहर सुधर जाए। बुधवार को कानपुर नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज सिंह और नेशनल गंगा क्लीन मिशन के महानिदेशक राजीव रंजन मिश्रा ने शहर का भ्रमण किया।
शहर में आने के बाद दोनों अधिकारी सबसे पहले सीएसए पहुंचे। यहां गंगा पर सेमिनार का आयोजन होना है, जिसमें प्रधानमंत्री शिरकत कर सकते हैं। इसके मद्देनजर उन्होंने परिसर का जायजा लिया और शौचालयों को भी देखा। इसके साथ कितने लोगों को बैठने की सुविधा है, इसकी जानकारी हासिल की। इसके बाद सिंचाई विभाग के कार्यालय गंगा बैराज में अफसरों ने बैठक में अबतक बंद नालों के बारे में जानकारी ली। सीसामाउ नाला बंद करने का दावा किया। अफसरों ने बताया कि चैनल में कुछ पानी और सिल्ट की सफाई हो रही है। मंडलायुक्त ने बताया अभी भी कई जगह बस्ती के नाले गिर रहे हैं, जिन्हें रोकने की कार्ययोजना बनाई गई है। रानी घाट, मैगजीन घाट व छावनी क्षेत्र में आने वाले गोलाघाट के पास कुछ पानी गिर रहा है।
उन्होंने कहा कि नमामि गंगे गंगे में दोनों नालों को शामिल करके कार्ययोजना बनाई जाए। महानिदेशक ने कहा गंगा में गिरने वाले नालों को बंद किया जाए। नगर प्रमुख सचिव ने बस्ती के नालों का पानी रोकने के लिए सेप्टिक टैंक बनाने को कहा। उन्होंने बैठक के बाद स्टीमर से गंगा के घाटों को देखा। उनके दौरे की जानकारी पर घाट की सफाई कराई गई। बैराज रोड पर लीकेज ठीक किया गया और अटल घाट में जमा बालू को भी हटाया गया। इससे लोगों ने खुशी जताई। वहीं पुलिस ने सुबह गंगा में मछली पकडऩे वालों को रोक दिया। लेकिन, टीम के जाते ही फिर से बैराज के पास मछुआरों ने मछलियां पकडऩा शुरू कर दिया।