यात्रियों को अब जबरन सैनिटाइज नहीं कराना पड़ेगा सामान
सैनिटाइज मशीन पर दिखे सिर्फ दो कर्मचारी ऐच्छिक सेवा हुई शुरू
जागरण संवाददाता, कानपुर : सेंट्रल स्टेशन पर यात्रियों को जबरिया बुलाकर सामान सैनिटाइज कराने की प्रक्रिया शनिवार को बंद हो गई। सैनिटाइज मशीन पर कर्मचारियों की संख्या भी दो ही दिखी। खबर छपने के बाद रेलवे अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया। संचालक को मौखिक चेतावनी दी गई है।
सेंट्रल स्टेशन के सिटी साइट में बुक बैगेज डाट काम को यात्रियों का सामान सैनिटाइज कराने की जिम्मेदारी दी गई है। चूंकि इस सुविधा के लिए यात्रियों को दस रुपये का भुगतान करना होता है, इसलिए इसे ऐच्छिक रखा गया था। बावजूद इसके मशीन संचालक ठेकेदार ने मशीन के साथ ही बाहर भी कर्मचारी तैनात कर दिए थे, जो यात्रियों को पकड़कर लाते और सामान सैनिटाइज कराते। कई यात्रियों ने इसकी शिकायत की, तो दैनिक जागरण ने इसकी पड़ताल की। यात्रियों की शिकायत सच मिलने पर इस खबर को प्रमुखता से छापा गया। खबर छपने का असर शनिवार को दिखाई दिया। यात्रियों को पकड़कर लाने वाले कर्मचारी नहीं दिखे। मशीन पर भी जो यात्री पहुंचता उसका सामान सैनिटाइज किया जाता। उधर, रेलवे ने भी खबर का संज्ञान लिया और तीन सदस्यीय टीम जांच करने पहुंची। अलग-अलग टीम बनाकर स्वर्ण शताब्दी, आनंद विहार कामाख्या एक्सप्रेस, अलीपुर पुरानी दिल्ली स्पेशल समेत अन्य ट्रेनों के यात्रियों से पूछताछ की गई। जनसंपर्क अधिकारी ज्ञान सिंह ने बताया, कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई है। किसी भी यात्री का सामान उनकी सहमति के बिना न सैनिटाइज किया जाए।
अनवरगंज सíकल में ड्रोन कैमरे की मदद से किए चालान
जासं, कानपुर : कोतवाली के बाद शनिवार को अनवरगंज सíकल के तीनों थानाक्षेत्र में ड्रोन कैमरों की मदद से मास्क नहीं लगाने वालों का चालान किया गया। इस दौरान कई दुकानदार भी बिना मास्क लगाए बैठे मिले। उनसे भी शमन शुल्क वसूला गया।
सीओ अनवरगंज मो. अकमल खान ने सबसे पहले अनवरगंज, लाटूश रोड, नई सड़क क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान कई युवक गलियों में बिना मास्क घूमते मिले। पुलिस ने युवकों को चेतावनी दी और कई व्यक्तियों का चालान करके शमन शुल्क वसूला। इसके बाद बेकनगंज इंस्पेक्टर नवाब अहमद के साथ सद्भावना चौकी, यतीमखाना, तलाक महल क्षेत्र में भी ड्रोन उड़ाकर बिना मास्क जा रहे लोगों को पकड़ा। सीओ ने बताया कि सुबह से शाम तक करीब 140 लोगों का चालान किया गया है। गरीब और असहाय तबके के लोगों को मास्क का वितरण भी कराया गया है।