Oxygen Crisis: औरैया जिला प्रशासन को मिला 'गेल' का साथ, कंपनी ने 30 सिलिंडर के साथ दिया आर्थिक सहयोग
Oxygen Crisis बुधवार को गेल ने जिला प्रशासन का सहयोग किए जाने के लिए हाथ बढ़ाया। डीएम सुनील कुमार वर्मा ने समीक्षा बैठक में कहा कि गेल अधिकारियों को दो सौ बेड के लिए आक्सीजन जनरेशन सिस्टम मुहैया कराने के लिए पत्र लिखा गया है।
औरैया, जेएनएन। Oxygen Crisis कोविड से जंग जीतने के लिए गेल अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) ने जिला प्रशासन का सहयोग किया है। बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय कंट्रोल रूम में हुई समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने यह बात कही। डीएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि गेल ने 30 आक्सीजन सिलिंडर व आर्थिक मदद करते हुए जरूरी उपकरण भी मुहैया कराए जाने का आश्वासन दिया है।
कोविड के बढ़ते केस व आक्सीजन को लेकर मचे हाहाकार को शांत कराने के लिए शासन-प्रशासन ने पूरा जोर लगा दिया है। सरकार भी हर संभव प्रयास में जुटी है। इस कड़ी में बुधवार को गेल ने जिला प्रशासन का सहयोग किए जाने के लिए हाथ बढ़ाया। डीएम सुनील कुमार वर्मा ने समीक्षा बैठक में कहा कि गेल अधिकारियों को दो सौ बेड के लिए आक्सीजन जनरेशन सिस्टम मुहैया कराने के लिए पत्र लिखा गया है। उन्होंने 30 सिलिंडर व 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद की बात कही है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं को और ज्यादा मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड एल-2 अस्पताल में 200 बेड की व्यवस्था और करनी है। जिसके लिए आक्सीजन जनरेशन सिस्टम से हमें प्रत्येक बेड पर पाइप लाइन के जरिए मरीज को पर्याप्त आक्सीजन देने की सुविधा मिलेगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से भी कर्मचारियों को 100 शैय्या अस्पताल में कार्य पर रखा जाएगा। गेल के बेंडरों से भी संपर्क किया जा रहा है। सबसे दिक्कत यह आ रही है कि लिक्विड आक्सीजन की उपलब्धता नहीं है।