हम भाजपा के सहयोगी, किसी के गुलाम नहीं : राजभर
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट पार्टी ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा पर फिर साधा निशाना
जागरण संवाददाता, उरई : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट पार्टी ओम प्रकाश राजभर के तेवर भाजपा के प्रति लगातार गर्म हैं। गुरुवार को भागीदारी आंदोलन मंच के कार्यक्रम में शामिल होने आए राजभर ने यहां भी अपनी नाराजगी का गुबार निकाला। उन्होंने यूं तो सभी ही राजनीतिक दलों पर अति पिछड़ों को धोखा देने का आरोप लगाया, लेकिन भाजपा का नाम लेकर कई तीखे वार किए। कहा, पार्टियां अपने स्वार्थ के लिए जातिगत नेता पैदा कर उनको मदारी के बंदर जैसा नचाने का काम कर रही हैं। अब अति पिछड़े भी अधिकारों के प्रति जागरूक हैं। अधिकार पाने के लिए संघर्ष किया जाएगा। हम भाजपा के सहयोगी हैं, किसी के गुलाम नहीं। अपने हक के लिए बात करने में कोई बुराई नहीं है।
राजपाल रिसोर्ट में पत्रकारों से वार्ता में मंत्री ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए। कहा, पिछड़ों को 27 फीसद आरक्षण दे रही है तो तीन श्रेणी बनाकर आरक्षण क्यों नहीं दिया जा रहा है। यह काम तो भाजपा को सरकार बनते करना चाहिए था। केंद्र में भाजपा सरकार को साढ़े चार वर्ष हो गए हैं। सरकार बताए कि कितने अति पिछड़ों को रोजगार दिया। कैबिनेट मंत्रिमंडल में कितने मंत्री अति पिछड़े समाज के हैं। राम मंदिर मुद्दे पर भी राजभर ने भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि राम मंदिर तभी याद आता है जब चुनाव आ जाते हैं। इसके बाद किसी को राम की सुध नहीं रहती है। यह स्वार्थ नहीं तो और क्या है। गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हमलों को लेकर उन्होंने वहां की सरकार से इस्तीफे की मांग भी दोहराई। कहा, किसी को कहीं भी रहने से रोका नहीं जा सकता है, लेकिन इस पर केंद्र चुप्पी साधे है। इस मौके पर शिवसेवक विश्वकर्मा, प्रेमचंद्र प्रजापति आदि उपस्थित रहे।