अब युवाओं को भी खूब भाएगी खादी, पहन सकेंगे मनपसंद जींस और टॉप-स्कर्ट Kanpur News
सर्वोदय नगर के विशाल शोरूम के लिए निफ्ट के डिजाइनर तैयार कर रहे कलेक्शन स्वराज्य आश्रम ने बदला परंपरागत तरीका।
कानपुर, जेएनएन। समय के साथ खादी मार्डन अवतार ले रही है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) के डिजाइनर सर्वोदय नगर में बन रहे नए शोरूम के लिए कपड़ों का ऐसा कलेक्शन तैयार कर रहे हैं, जो युवाओं के आकर्षण का केंद्र होगा। यहां लोअर, बरमूडा से लेकर डिजाइनर जींस और टॉप-स्कर्ट तक उपलब्ध होगी।
सर्वोदय नगर में स्वराज्य आश्रम का परंपरागत प्रतिष्ठान था। आश्रम ने अब इसी जगह एक विशाल लकदक शोरूम तैयार कराया है। इसमें ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम जैसी हर खासियत मौजूद होगी। युवाओं को आकर्षित करने के लिए आश्रम ने निफ्ट के आठ डिजाइनरों से करार किया है। जो युवाओं की पसंद के अनुरूप कपड़े डिजाइन कर रहे हैं। आश्रम के मंत्री प्रेम सिंह सेंगर ने बताया कि यहां युवाओं की पसंद के अनुसार खादी के सारे कपड़े मिलेंगे। इसमें खादी की विशेषताएं होंगी और फैशन की तसल्ली भी। इसके अलावा परंपरागत कपड़े का काउंटर अलग होगा।
खादी में मिलेगा सब कुछ
मेंस वियर : पैंट, लोअर, बरमूडा, जींस, कुर्ता, पायजामा, शर्ट, मोदी जैकेट।
लेडीज वियर : साड़ी, प्लाजो, अफगानी सलवार, सलवार-कुर्ता, कुर्ती, लांगकुर्ती, लेडीज टॉप, स्कर्ट, पैंट, कैफ्री, कोटी।
देश का सबसे बड़ा शोरूम
वर्ष 1925 में स्थापित स्वराज्य आश्रम देश की आजादी के बाद खादी वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में मील का पत्थर रहा है। प्रदेश के नौ जिलों में स्वराज्य आश्रम के प्रतिष्ठान हैं। संस्थान के मंत्री ने बताया कि यह पूरे देश में खादी का सबसे बड़ा शोरूम होगा। 6000 वर्ग फीट के इस शोरूम को मार्डन लुक दिया गया है। हर तरह के कपड़ों के अलग-अलग काउंटर, चेंजिंग रूम भी होंगे। खादी के वस्त्रों के प्रदर्शन के लिए डमी भी लगाए जाएंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप