चित्रकूट में पुलिस की गिरफ्त से इनामी डकैत फरार, तलाश के लिए जंगलों में कांबिंग जारी
सतना के बरौंधा थानाक्षेत्र के कठवरिया के डकैत अर्जुन सिंह परिहार गैंग के सदस्य अजय पाल निवासी तेरा महुटा को पुलिस ने 30 मई को दबोचा था। उसे अभिरक्षा में लेकर पुलिस गैंग के दूसरे सदस्यों की तलाश में जुटी थी।
चित्रकूट, जेएनएन। जिले की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के सतना जिला अंतर्गत बरौंधा थाना पुलिस की गिरफ्त से 20 हजार रुपये का इनामी डकैत हथकड़ी समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी खोजबीन में जंगलों में सर्चिंग कर रही है।
सतना के बरौंधा थानाक्षेत्र के कठवरिया के डकैत अर्जुन सिंह परिहार गैंग के सदस्य अजय पाल निवासी तेरा महुटा को पुलिस ने 30 मई को दबोचा था। उसे अभिरक्षा में लेकर पुलिस गैंग के दूसरे सदस्यों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार शाम मौका मिलते ही वह हथकड़ी समेत फरार हो गया। पुलिस जंगलों और आसपास के गांवों में खोजबीन कर रही है, लेकिन 24 घंटे बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। बरौंधा थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि 20 हजार के इनामी डकैत अर्जुन परिहार गैंग के सदस्य अजय पाल समेत तीन डकैतों को गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार शाम अजय पुलिस गिरफ्त से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। उप्र के मारकुंडी, मानिकपुर, बहिलपुरवा और भरतकूप थाना पुलिस की भी मदद मांगी गई है। उसे उप्र क्षेत्र में शरण लेने की आशंका है।