कानपुर में आनलाइन होंगे वी बैंकर्स के राष्ट्रीय और प्रांतीय चुनाव, कोरोना के कारण लिया गया फैसला
दूसरे बैंक संगठनों के मुकाबले वी बैंकर्स को तेजी से नई तकनीक अपनाने वाला बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों का संगठन माना जाता है। वी बैंकर्स के अधिकारियों का संगठन राष्ट्रीय स्तर पर तो कर्मचारियों का संगठन प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त है।
कानपुर, जेएनएन। कोरोना ने यूं तो बहुत दर्द दिए हैं लेकिन लोगों को अपने कार्य करने के तमाम दूसरे रास्ते भी दिखाए हैं। लोगों को बताया है कि थमी हुई जिंदगी में भी कैसे लगातार आगे बढ़ते रहना है। इसी तरह की एक सीख बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के संगठन ने भी सीखा और अब वह राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर चुनावों को आनलाइन कराने जा रहा है। इसके लिए साफ्टवेयर भी विकसित किया जा रहा है। संगठन के चुनाव जून में होने हैं।
दूसरे बैंक संगठनों के मुकाबले वी बैंकर्स को तेजी से नई तकनीक अपनाने वाला बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों का संगठन माना जाता है। वी बैंकर्स के अधिकारियों का संगठन राष्ट्रीय स्तर पर तो कर्मचारियों का संगठन प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त है। दोनों ही संगठनों के चुनाव का समय तो आ गया है लेकिन कोरोना की वजह से सदस्यों की भीड़ जुटाई नहीं जा सकती। इसलिए संगठन ने तय किया है कि चुनाव आनलाइन कराए जाएंगे। अधिकारियों का चुनाव राष्ट्रीय स्तर पर होना है और कर्मचारियों का चुनाव प्रदेश स्तर पर। इसके लिए संगठन ने अपनी आइटी विंग को इसके लिए एक साफ्टवेयर विकसित करने के लिए कहा है जिसमें अगर नामांकन में एक पद के लिए कई प्रत्याशी सामने आएं तो मतदान भी कराया जा सके। जून में चुनाव होने हैं और संगठन इसकी तैयारी में जुट गया है।
इनका ये है कहना
अधिकारियों के संगठन में देशभर में पांच हजार और कर्मचारियों के संगठन में प्रदेश में करीब डेढ़ हजार सदस्य हैं। सभी के बीच चर्चा हो गई है कि आनलाइन ही चुनाव कराए जाएं। इसकी वजह से साफ्टवेयर विकसित कर चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्दी ही चुनाव की तारीख घोषित कर दी जाएगी। - आशीष कुमार मिश्रा, राष्ट्रीय महामंत्री, वी बैंकर्स।