केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले- राहुल और प्रियंका जैसों को जनता के सामने करेंगे बेनकाब
सीएए के समर्थन को लेकर शहर में आयोजित जनसभा में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधा।
कानपुर, जेएनएन। सीएए के समर्थन में किदवईनगर में आयोजित जनसभा में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है और लोगों को भड़का रहा है। इसलिए जनता के सामने राहुल और प्रियंका जैसों को बेनकाब किया जाएगा।
विश्व में बढ़ा भारत का मान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वह ऐतिहासिक काम किए हैं, जिनका इंतजार दशकों से हो रहा था। पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ा है, ऐसे में वामपंथी तिरोहित हो चुके हैं और कांग्रेस अप्रासांगिक। जनता का भरोसा खो चुके यह दल अब नागरिकता संशोधन कानून पर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं, लेकिन जनता ने दिखा दिया है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कड़े फैसलों के साथ है। इसलिए जब जनता साथ है तो विपक्ष की परवाह नहीं है और आगे भी कठोर निर्णय लिए जाएंगे।
वसूली से अब तोडफ़ोड़ करने वाले दुबके
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नागरिकता संशोधन कानून की विशेषताएं गिनाते हुए कहा कि इस कानून का विरोध करने वाले भी हताश हो चुके हैं। तोडफ़ोड़ करने वालों से वसूली की जा रही है। इसलिए अब वे घरों में दुबक गए हैं और महिलाओं और बच्चों को प्रदर्शन पर भेज रहे हैं, जिन्हें सीएए का अर्थ भी नहीं पता है। कांग्रेस और वामपंथियों पर दुश्मनों की भाषा बोलने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पहले इनके लिए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन आदि महत्वपूर्ण नहीं थे लेकिन अब तो ईसाई भी महत्वपूर्ण नहीं रह गए हैं। इसलिए यह इस कानून का विरोध कर रहे हैं, जबकि इस कानून का समर्थन करके कांग्रेस अपने पुराने पापों का परिमार्जन कर सकती थी। कांग्रेस सुन ले कि यह कानून उसे मानना ही पड़ेगा।
विपक्ष के दुष्प्रचार का खुलकर करें विरोध
उन्होंने डॉ. आंबेडकर और पाकिस्तान के पहले कानून मंत्री जोगिंदर सिंह मंडल की तुलना करते हुए कहा कि तीन साल में ही पाकिस्तान से भागकर भारत में शरण लेने वाले जोगिंदर सिंह गुमनाम मौत मरे। जबकि राष्ट्रप्रेम का उदाहरण पेश करने वाले डॉ. आंबेडकर भारत रत्न बने और देश में पूजे जाते हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि गलत काम को खामोश होकर देखना भी पाप का भागी बनना है। इसलिए खामोश नहीं रहें और विपक्ष के इस दुष्प्रचार का खुलकर विरोध करें। उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, परिवहन मंत्री अशोक कटारिया और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने भी जनसभा को संबोधित किया।