शहर आए मंत्रियों ने देखी गंगा की स्थिति और PM Modi के कार्यक्रम की तैयारी Kanpur News
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने गंगा घाटों का निरीक्षण किया।
कानपुर, जेएनएन। गंगा का हाल देखने के लिए शहर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 दिसंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह कानपुर पहुंचे और गंगा घाटों का निरीक्षण करके जरूरी दिशा निर्देश दिए। सरकारी अमला भी प्रधानमंत्री के आने से पहले गंगा घाटों को साफ सुथरा बनाने में जुट गया है।
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह सबसे पहले चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद ग्रीन हाउस और सेफ हाउस की जगह देखी। यहां से सीधे बैराज स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय गए और अफसरों गंगा में जलस्तर बढ़ाने के आदेश दिए।
अफसरों ने बताया टिहरी बांध 15000 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा, जो 13 दिसंबर की रात तक पहुंच जाएगा और गंगा जलस्तर 15 फीट तक बढ़ जाएगा। मंत्रियों ने गंगा घाटों की सफाई के निर्देश देते हुए नालों को रोकने के लिए कहा। इसके साथ ट्रीटमेंट प्लांट पूरी क्षमता से चलाने के निर्देश दिए। दोनों मंत्रियों ने नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज सिंह, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी नगर आयुक्त समेत कई अफसरों के साथ बैठक करके प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली।