कानपुर देहात में रहस्यमयी ढंग से महिला की मौत, मायके पक्ष ने कही बेटी की हत्या किए जाने की बात
साकिन बुजुर्ग गांव निवासी अजय सिंह नायक जलगांव महाराष्ट्र में रहकर कपड़े का व्यापार करते हैं। वहां वह 21 वर्षीय पत्नी किरन के साथ रहते थे। वे होली पर घर आए हुए थे जहां पत्नी को छोड़कर वह जलगांव वापस चले गए थे।
कानपुर देहात, जेएनएन। सिकंदरा थाना क्षेत्र के साकिन बुजुर्ग गांव में गुरुवार को संदिग्ध हालात में नवविवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। बवाल बढ़ता देख पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मामले पर मुकदमा दर्ज किया है।
ये है पूरा विवाद: साकिन बुजुर्ग गांव निवासी अजय सिंह नायक जलगांव महाराष्ट्र में रहकर कपड़े का व्यापार करते हैं। वहां वह 21 वर्षीय पत्नी किरन के साथ रहते थे। वे होली पर घर आए हुए थे जहां पत्नी को छोड़कर वह जलगांव वापस चले गए थे। गुरुवार सुबह किरन का शव घर में पंखे पर साड़ी के फंदे पर लटका मिला। थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। ससुर सुनील ने बताया कि बहू ने फांसी क्यों लगा ली उनको नहीं पता है, वह जलगांव जाने को लेकर कई बार बोल रही थी। उधर मायके औरैया जिला के थाना आयाना के ग्राम स्वरूप नगर भासौंन से आए मृतका के भाई सुनील कुमार ने दहेज की मांग को लेकर ससुरालीजनों पर बहन की जबरन हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया और काफी देर तक हंगामा किया।
भाई का आरोप था कि घटना के एक दिन पूर्व उसकी बहन को सास व मामा ससुर भोगनीपुर कोतवाली के सिथरा गांव निवासी सोमिस ने दो साथियों के संग घर पहुंचकर मायके से पैसा लाने का दबाव बनाया था। सूचना उसकी बहन ने उसे फोन पर दी थी और इसके दूसरे दिन उसके ससुरालीजनों ने मांग पूरी न होने पर घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि बहन का विवाह 15 अप्रैल 2020 को हुआ था और वर्तमान में उनकी कोई संतान भी नहीं है।
थानाध्यक्ष विद्यासागर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई होगी।