जूही खलवा पुल पर सिल्ट और कीचड़ देखकर नगर आयुक्त दंग
जेएनएन कानपुर नगर आयुक्त ने मंगलवार को जूही खलवा पुल का निरीक्षण किया।
जेएनएन, कानपुर : नगर आयुक्त ने मंगलवार को जूही खलवा पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुल पर कीचड़ और सिल्ट देखकर वह दंग रह गए। वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हो रही थी। मौके पर ही उन्होंने इसकी सफाई के आदेश दिए। नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीए को निरीक्षण के दौरान घंटाघर से मालरोड जाने वाले मार्ग पर कई जगह कच्चे फुटपाथ मिले। जोनल अधिकारी द्वारा मौके पर बताया कि व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण यह व्यस्त मार्ग है। फुटपाथ और अन्य रास्ता ठीक कराने के आदेश दिए। गोविदपुरी पुल से उतरते ही आइसीआइसीआई बैंक के सामने मार्ग क्षतिग्रस्त मिला। मौके पर ही आदेश दिए कि रास्ते को मोटरेबल किया जाए। उन्हें बताया गया कि किदवई नगर में ओ ब्लाक सब्जी मंडी क्षेत्र के संबंध में केडीए ने योजना हैंडओवर के साथ ही नगर निगम को विकास कार्य कराने के लिए 9.20 करोड़ रुपये दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि कार्य को गुणवत्ता और मानक के अनुरूप कराया जाए। खोदाई और कीचड़ से दुश्वार हुआ रास्ता, फंसे वाहन सवार, कानपुर : बारिश में जलभराव के बाद सड़कों पर कीचड़ हो जाने और तमाम रास्तों पर खोदाई के चलते मंगलवार को आधे शहर में जाम की स्थिति बनी रही। जरीब चौकी, सर्वोदय नगर, नेहरू नगर, चमनगंज, जवाहर नगर, 80 फीट रोड, ब्रह्मानगर और अशोक नगर में वाहन काफी देर तक फंसे रहे। परेड में किताब मार्केट के पास वन-वे में भी वाहन फंसने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
पीरोड पर हरसहाय कालेज के पास खोदाई शुरू होने के कारण बजरिया से जरीब चौकी के बीच आवागमन रोका गया है। इसके चलते लोग नेहरू नगर, जवाहर नगर, चमनगंज व सीसामऊ की गलियों से निकले तो वहां भी जाम लग गया। इसी तरह 80 फीट रोड पर पेट्रोल पंप के पास पिछले दिनों बारिश के चलते सड़क धंस गई थी। इससे ब्रह्मानगर से 80 फीट रोड होते हुए जीटी रोड की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो गया। लोग गलियों से होकर निकले तो यहां भीषण जाम लगा। वहीं हर्षनगर पेट्रोल पंप से मोतीझील की ओर जाने वाले रास्ते पर पहले से ही मेट्रो कार्य के चलते एक तरफ का रास्ता बंद किया गया था। ट्रैफिक को अशोक नगर होते हुए गुजारा जा रहा है। इस रास्ते पर भी वाहन रेंगते रहे। जूही खलवा पुल के नीचे सोमवार को बारिश में पानी भर गया था। मंगलवार को पानी तो हट गया, लेकिन यहां कीचड़ जमा हो गया। इसमें कई बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े। बार-बार यहां जाम की स्थिति बनती रही। सर्वोदय नगर से काकादेव थाने की ओर जाने वाली सड़क पर भी रास्ता खराब होने और कीचड़ हो जाने से आवागमन बाधित रहा। उधर, विकास नगर व मैनावती मार्ग पर भी खोदाई के चलते वाहन चालक परेशान रहे।