घाटमपुर उपचुनाव: सांसद शिव प्रताप ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां और सुब्रतपाठक ने परिवारवाद पर बोला हमला
पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री बोले कि विपक्षी कहते थे कि धारा 370 हटाने पर कश्मीर में खून की नदियां बहेंगी लेकिन श्रीनगर से जम्मू तक खून का एक कतरा नहीं बहाकन्नौज सांसद सुब्रत पाठक ने कहा मोदी व योगी पूरी ईमानदारी से सरकार चला रहे हैं।
कानपुर, जेएनएन। कस्बा पतारा स्थित नेहरू विद्या पीठ मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं सांसद शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि लोगों की आकांक्षाओं का प्रतीक राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। विपक्षी कहते थे कि धारा 370 हटाने पर कश्मीर में खून की नदियां बहेंगी, लेकिन श्रीनगर से जम्मू तक खून का एक कतरा नहीं बहा। महिषासुर मॢदनी बनी सेना रोज आंतंकियों को ढेर जरूर कर रही है।
सरकार की गिनाईं उपलब्धियां
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खुद को शासक नही, जनता को भगवान मानते हैं। तीन करोड़ लोगों को मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन देने का वादा किया था। लेकिन अब तक नौ करोड़ घरों तक मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन पहुंचाए जा चुके हैं। हर गांव व मजरे तक बिजली पहुंच चुकी है।
कन्नौज सांसद सुब्रत पाठक ने कहा मोदी व योगी पूरी ईमानदारी से सरकार चला रहे हैं। मोदी के भाई कबाड़ की दुकान चलाते हैं। दूसरा पेट्रोल पंप में डीजल भरने का काम करता है। तीसरा सरकारी सेवा से रिटायर हुआ है। मां साधारण 10 बाई 10 के कमरे में रहती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बहन एक साधारण मंदिर में फूल बेचती है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि उनके नाती, पोते, चेले व चमचे तक विधायक सांसद बन जाते थे। कहा जाता था कि अगली बार उनकी गाय भैंसें विधायक सांसद बनेगी। जनसभा को उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक महेश त्रिवेदी, भगवती प्रसाद सागर, प्रदेश मंत्री प्रांशू दत्त द्विवेदी, गीता सोनकर, आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी एवं संचालन महामंत्री वेदव्रत सचान ने किया।