बांदा में गर्भवती प्रवासी की रहस्यमयी तरीके से मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाया आराेप
अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बसरेही निवासी रामकिशोर की 22 वर्षीय पत्नी सुशीला रैदास ससुरालीजनों के साथ नवंबर 2019 में हरियाणा के ग्राम मंडलाना ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गई थी। शनिवार दोपहर प्रवासी नवविवाहिता की मौत हो गई।
बांदा, जेएनएन। गर्भवती प्रवासी महिला मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि दहेज व मजदूरी को लेकर ससुरालीजन ने पीटने के साथ गला दबाकर मार दिया है। हत्या के बाद शव वापस लेकर लौटे हैं।
ये है पूरा मामला: अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बसरेही निवासी रामकिशोर की 22 वर्षीय पत्नी सुशीला रैदास ससुरालीजनों के साथ नवंबर 2019 में हरियाणा के ग्राम मंडलाना ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने गई थी। शनिवार दोपहर प्रवासी नवविवाहिता की मौत हो गई। चचेरे देवर सुनील व अन्य स्वजन ने बताया कि वह आठ माह की गर्भवती थी। शुक्रवार को उसकी खून की कमी से तबीयत बिगड़ गई थी। हरियाणा में चिकित्सक को दिखाने पर उन्होंने किसी महिला के साथ न होने व कोरोना संक्रमण को लेकर भर्ती नहीं किया था। इससे वह 18 हजार रुपये में एंबुलेंस करके किसी तरह बांदा जिला अस्पताल पहुंचे। यहां महिला अस्पताल में भर्ती कराने के पहले उसकी मौत हो गई। उधर मृतका के पिता राजाराम व चाचा रामपाल निवासी ग्राम चुहका पुरवा ओरन ने बताया कि पिछले वर्ष 26 जून को उसकी शादी हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन दहेज में बाइक व रुपयों की और मांग कर रहे थे। मजदूरी करने व दहेज की मांग को लेकर वह बेटी को पीटकर प्रताड़ित करते थे। तीन दिन पहले भी मजदूरी न कर पाने व दहेज के लिए उन्होंने उसको पीटा था। थाना प्रभारी अरविंद सिंह गौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से दम तोड़ने का लग रहा है। उपचार में लापरवाही करने का मायके पक्ष ने आरोप लगाया है। इससे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।
मायके व ससुरालीजन में हुआ विवाद, पति को पीटा: ससुरालीजनों से मायके पक्ष को घटना की जानकारी हुई तो वह बेटी सुशीला की ससुराल ग्राम बसरेही पहुंचे। वहां मायके पक्ष व ससुरालीजनों के बीच विवाद हो गया। मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के पति की पिटाई कर दी।