कानपुरः शहरवासी ही बनेंगे अपने शहर के 'शिल्पकार’
'माय सिटी, माय प्राइड’। यह महज अभियान का नाम नहीं, बल्कि मकसद है अपने शहर के प्रति शहरवासियों में भाव जगाने का।
जागरण संवाददाता, कानपुर। 'माय सिटी, माय प्राइड’। यह महज अभियान का नाम नहीं, बल्कि मकसद है अपने शहर के प्रति शहरवासियों में भाव जगाने का। इलाज करना है तो समस्या रूपी 'मर्ज’ भी टटोला, लेकिन उस पर रोने-कोसने की बजाए 'दैनिक जागरण’ ने प्रयास किया कि आमजन सकारात्मक सोच के साथ सुधार के लिए कदम बढ़ाएं। निश्चित तौर पर उनके निजी प्रयास इतने बड़े परिवर्तन के लिए नाकाफी ही होंगे। लिहाजा, जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को भी अभियान से जोड़ा है। इसी मुहिम का अहम पड़ाव रविवार को माय सिटी माय प्राइड फोरम के रूप में होगा, जहां शहरवासी ही अपने शहर के 'शिल्पकार’ बनने की भूमिका लक्ष्यों के साथ तय करेंगे।
माय सिटी माय प्राइड महाअभियान की शुरुआत 'जागरण’ ने दो जुलाई को की। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाएं, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के मुद्दे को सबसे जरूरी मानते हुए शामिल किया। लगभग ढाई माह चल चुके इस अभियान को हमने अलग वर्गों में बांटा। इन पांच सुविधाओं की वास्तविक स्थिति क्या है और क्या जरूरत है? इसे बिंदुवार ढंग से प्रकाश में लाए। स्पष्ट हुआ कि सरकार सुधार के प्रयास भले ही कर रही हो, लेकिन अभी अपेक्षित सुधार नहीं आ पा रहा है। संसाधनों की कमी के साथ ही सरकारी मशीनरी, साथ ही आमजन को भी जिम्मेदारी का उतना अहसास नहीं है। ऐसे में दूसरों को प्रोत्साहित कैसे किया जाए? इसी विचार के साथ हमने अलग-अलग क्षेत्रों की उन शख्सियतों को चिन्हित किया, जो आमजन होते हुए भी अपने संसाधनों और सकारात्मक सोच से शहर व समाज के विकास में अहम भूमिका निभाते हुए 'रीयल हीरो’ के रूप में सामने आए हैं।
यही नहीं, व्यावहारिक रूप से क्या किया जाना जरूरी है, इसे तथ्यात्मक रूप से समझाने के लिए बतौर विशेषज्ञ ऐसे शहरवासियों की राय को अभियान में स्थान दिया, जो अपने-अपने क्षेत्रों की नब्ज पर सलीके से हाथ रखे हुए हैं।
इसके बाद अभियान में हमने अलग-अलग विषयों पर राउंड टेबिल कॉन्फ्रेंस आयोजित कर वह प्राथमिकताएं चिन्हित कीं, जो वाकई शहर की सूरत संवारने के लिए बहुत जरूरी है। तय किया कि फोरम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों और अफसरों के जरिये शासन-प्रशासन के स्तर से भी मांग-जरूरतों को पूरा कराने का प्रयास किया जाए। इसी कड़ी में रविवार को होटल रॉयल क्लिफ में 12.30 बजे से माय सिटी माय फोरम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सभी लक्ष्य तय होंगे, सभी वर्ग, संस्थाएं, जनप्रतिनिधि और अफसर अपनी-अपनी भूमिका तय कर उस दिशा में कदम बढ़ाने की घोषणा करेंगे।
शामिल होंगे सरकार के मंत्री और आला अफसर
फोरम में प्रमुख रूप से औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, एमएसएमई मंत्री सत्यदेव पचौरी, महापौर प्रमिला पांडेय, एडीजी अविनाश चंद्र, मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा, आइजी आलोक सिंह, जिलाधिकारी विजय विश्वास पंत, एसएसपी अनंत देव सहित शहर के प्रमुख उद्योगपति, समाजसेवी, गण्यमान्यजन, रीयल हीरो और एक्सपर्ट शामिल होंगे।